पटियाला (एएनआई)। पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य में कांग्रेस नेतृत्व पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के चेहरे चरणजीत सिंह चन्नी राज्य मंत्री बनने के लिए काफी अच्छे हैं लेकिन सीएम के लायक नहीं हैं। यही नहीं चन्नी ने पार्टी के राज्य प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू को एक "गैर-जिम्मेदार व्यक्ति" बताया है। अमरिंदर ने कहा, "सिद्धू और चन्नी दोनों पंजाब के लिए अच्छे नहीं हैं, चन्नी मंत्री बन सकते हैं लेकिन सीएम नहीं, जबकि सिद्धू एक जिम्मेदार व्यक्ति नहीं हैं।"

केजरीवाल पर भी साधा निशाना
आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को पंजाब में सत्ता में आने पर हर महिला को 1,000 रुपये प्रति माह देने के अपने वादे पर फटकार लगाते हुए, अमरिंदर ने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को अपने राज्य के लिए यह वादा पूरा करना चाहिए और फिर पंजाब में वादे करना चाहिए। कांग्रेस के पूर्व नेता ने मंगलवार को पटियाला में एक रैली को संबोधित करते हुए ये टिप्पणी की।

अमरिंदर सिंह ने छोड़ दी थी कांग्रेस
चन्नी को मुख्यमंत्री के रूप में तब चुना गया था जब कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने पिछले साल सितंबर में पार्टी में चल रही अंदरूनी कलह के बीच अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद अमरिंदर सिंह ने चुनाव लड़ने के लिए अपनी अलग पार्टी बनाई। राहुल गांधी ने रविवार को पटियाला में घोषणा की कि चन्नी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं।

20 फरवरी को होने हैं चुनाव
अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होगा और मतों की गिनती 10 मार्च को होगी। राज्य में 2017 के विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 10 साल से सत्ता में रही शिअद-भाजपा सरकार को बाहर कर दिया था।

National News inextlive from India News Desk