देहरादून (एएनआई)Uttarakhand CM: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और खटीमा से विधायक पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को यहां उत्तराखंड के 11 वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्‍हें शनिवार को ही भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था। खटीमा निर्वाचन क्षेत्र से दो बार विधायक, राज्य सरकार में कभी मंत्री नहीं रहे पुष्कर सिंह धामी आज उत्तराखंड के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बन गए हैं। वह करीब चार महीने में राज्य के तीसरे मुख्यमंत्री हैं। धामी ने शनिवार को यहां मीडियाकर्मियों से कहा, "पार्टी के एक आम कार्यकर्ता को राज्य की सेवा करने का मौका दिया गया है। मैं पार्टी आलाकमान का आभारी हूं।"

पूर्व सैनिक के बेटे धामी का सीएम बनने का सफर
बता दें कि एक पूर्व सैनिक के बेटे पुष्कर सिंह धामी का जन्म 1975 में पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना गांव में हुआ था। उनके पास कानून की डिग्री है और वो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक के रूप में कार्य करते रहे हैं। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सदस्य भी रह चुके हैं। धामी ने 2002 और 2008 के बीच दो बार भाजपा युवा मोर्चा, उत्तराखंड के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उन्हें उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी का विश्‍वासपात्र माना जाता है।

धामी करते हैं कुमाऊं क्षेत्र का प्रतिनिधित्‍व
धामी ने तीरथ सिंह रावत का स्थान लिया है, जिन्होंने शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया। धामी कुमाऊं क्षेत्र के अंतर्गत आता है। गौरतलब है कि पिछले दो मुख्यमंत्री गढ़वाल क्षेत्र से थे। तीरथ सिंह रावत के शुक्रवार को पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद देहरादून में शनिवार दोपहर भाजपा विधायक दल की बैठक के हुई, जिसमें उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनी और इसमें नाम आया पुष्कर सिंह धामी का।

गढ़वाल क्षेत्र से बन सकता है एक उपमुख्यमंत्री-सूत्र
बता दें कि 70 सदस्यीय उत्तराखंड विधानसभा के लिए चुनाव 2022 की शुरुआत में होने की संभावना है। 2017 में बीजेपी ने 70 सदस्यीय विधानसभा में 57 सीटों पर जीत हासिल की थी। धामी को अगला मुख्यमंत्री चुनने पर विधायकों की नाराजगी के बारे में पूछे जाने पर भाजपा विधायक धन सिंह रावत ने आज कहा, कि "इस फैसले से उत्तराखंड में हर कोई खुश है।" सूत्रों ने बताया कि उत्तराखंड मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में होने की उम्मीद है। इससे पहले, उत्तराखंड भाजपा प्रमुख मदन कौशिक ने एएनआई से बात करते हुए, पार्टी के भीतर दरार की खबरों का खंडन किया और कहा, "पार्टी के भीतर सब ठीक है। इस बीच, सूत्रों ने पहले दावा किया था कि गढ़वाल और कुमाऊं की क्षेत्रीय उम्‍मीदों को बेहतर ढंग से पूरा करने के लिए, भारतीय जनता पार्टी गढ़वाल क्षेत्र से एक उपमुख्यमंत्री नियुक्त कर सकती है।

National News inextlive from India News Desk