देहरादून (एएनआई)। भाजपा के नेता पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लगातार दूसरी बार उत्तराखंड के सीएम पद की शपथ ली । देहरादून में शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और योगी आदित्यनाथ और प्रमोद सावंत सहित अन्य भाजपा नेता शामिल हुए। उत्तराखंड में भाजपा ने धामी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा था। पार्टी तो बहुमत में आ गई लेकिन धामी खटीमा क्षेत्र से अपनी सीट हार गए थे। जिसके बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि क्या वह दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। विधानसभा चुनावों में धामी खटीमा से कांग्रेस के उम्मीदवार भुवन चंद्र कापड़ी से 6,579 मतों के अंतर से हार गए थे। उन्हें कापड़ी के खिलाफ कुल 41,598 वोट मिले थे। जिसमें कापड़ी को 51.89 फीसदी के साथ 48,177 वोट मिले थे। इससे पहले धामी इस सीट से दो बार विधायक रह चुकें हैं।
उत्तराखंड में भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में किया काम
एक पूर्व सैनिक के बेटे धामी का जन्म 1975 में पिथौरागढ़ जिले के कनालिचिन्ना गांव में हुआ था। उन्होंने लॉ की डिग्री हासिल की और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक के रूप में काम किया। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के भी सदस्य रह चुके हैं। धामी ने 2002 और 2008 के बीच दो बार उत्तराखंड में भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में काम किया। उन्हें उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी का करीबी माना जाता है। धामी कुमाऊं क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। उनसे पहले अंतिम दो मुख्यमंत्री गढ़वाल क्षेत्र से थे। भाजपा ने उत्तराखंड में लगातार दूसरी बार जीत हासिल कि है।भाजपा ने विधानसभा में 70 सीटों में से 47 सीटें जीतीं थी।

National News inextlive from India News Desk