नई दिल्ली (एएनआई)। एलपीजी कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, "महंगाई बढ़ने के साथ ही बयानबाजी के भाव गिर गए। राहुल गांधी की यह टिप्पणी राष्ट्रीय तेल विपणन कंपनियों द्वारा 19 किलो के काॅमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 100.50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद आई है। सूत्रों के मुताबिक बढ़ी हुई नई कीमतों के बाद अब देश की राजधानी दिल्ली में कीमत 2,101 रुपये हो गई है। सूत्रों ने एएनआई को बताया कि रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमत आज से प्रभावी है।

14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की कीमत 899.50 रुपये
2012-13 के बाद 19 किलो के काॅमर्शियल सिलेंडर की यह दूसरी सबसे बड़ी कीमत है, जब इसकी कीमत लगभग 2,200 रुपये प्रति सिलेंडर हुआ करती थी। हालांकि, 14.2 किलो, 5 किलो, 10 किलो कंपोजिट या 5 किलो कंपोजिट सिलेंडर वजन वाले अन्य घरेलू सिलेंडरों की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर और 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में अंतर बढ़ा दिया गया है। वर्तमान में, राष्ट्रीय राजधानी में 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की कीमत 899.50 रुपये और 19 किलोग्राम के काॅमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,101 रुपये है।
एलपीजी सिलेंडर की दर मासिक रूप से संशोधित होती
भारत में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए एलपीजी सिलेंडर की दर मासिक रूप से संशोधित की जाती है। इससे पहले 1 नवंबर को, 19 किलो के काॅमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 266 रुपये की तेजी देखी गई, जिससे कीमतें 2,000.50 रुपये हो गईं। 1 अक्टूबर को, 19 किलोग्राम काॅमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 43 रुपये की वृद्धि हुई और 6 अक्टूबर को 2.50 रुपये की कमी हुई। 1 सितंबर को इन सिलेंडरों की कीमतों में 75 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

National News inextlive from India News Desk