-सर्कुलेटिंग एरिया में लगायी जाएगी 16 फीट की ऊंचाई पर चार एलईडी स्क्रीन

- ट्रेन से उतरते ही बाबा विश्वनाथ का लाइव दर्शन कर सकेंगे पैसेंजर्स

raghvendra.mishra@inext.co.in

VARANASI

बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ का दर्शन अब आपको कैंट स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही सुलभ हो जाएगा। मंदिर प्रशासन ने अब बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को कैंट स्टेशन पर ही यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे से हाथ मिलाया है। इसके लिए स्टेशन कैंपस में स्थान चिन्हित कर लिया गया है। जिससे लोग आसानी से ऑनलाइन दर्शन कर पाएंगे। ये सभी स्क्रीन इस तरह से लगायी जाएंगी कि दूर से ही लोगों को बाबा का दर्शन मिल जाए। बता दें कि इसके पहले कैंट स्टेशन पर बाबा के दर्शन के लिए परिसर में हेल्प डेस्क की शुरूआत हो चुकी है। जिससे यहां आने वाले श्रद्धालु विशेष पूजन और दर्शन का शुल्क देकर सीधे मंदिर पहुंच रहे हैं। स्टेशन पर 15 नवंबर तक स्क्रीन लगा दिये जाएंगे।

360 डिग्री के चार स्क्रीन

कैंट स्टेशन पर बाबा के ऑनलाइन दर्शन के लिए चार स्क्रीन लगाये जाएंगे। ये सभी हाई डेफिनेशन एलईडी होंगे। जिस पर चलने वाला वीडियो बुजुर्गो को भी आसानी से दिख जाएगा। उन्हें ऑनलाइन दर्शन-पूजन को देखने में परेशानी नहीं होगी। इस स्क्रीन की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि ये सभी 360 डिग्री के होंगे। जिन्हें किसी भी एंगल से देखा जा सकेगा। जरूरी नहीं कि वीडियो को सामने से ही देखना पड़े। किसी भी तरफ से देखने पर आपको वीडियो साफ दिखायी देगा। बहरहाल एलईडी स्क्रीन की साइज को लेकर मंथन हो रहा है। ऑफिसर्स विश्वनाथ मंदिर के गेट पर लगे स्क्रीन की साइज को ही स्टेशन के लिए भी फाइनल करने पर विचार चल रहा है। यह साइज आठ गुना छह की है।

दूर से हो जाएगा दर्शन

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन और रेलवे की इस पहल का फायदा पैसेंजर्स के साथ ही बाहर के लोगों को भी मिलेगा। वो भी बाबा के दर्शन का पुण्य लाभ ले सकेंगे। इसके लिए सभी एलईडी स्क्रीन को 16 फीट की ऊंचाई पर लगाया जाएगा। जिससे सामने नवनिर्मित फ्लाईओवर सहित साइड रोड पर चलने वाले लोग भी बाबा का लाइव दर्शन आसानी से कर पाएंगे। उन्हें दर्शन करने में कोई रुकावट नहीं आएगी। ये सभी एलईडी स्क्रीन सर्कुलेटिंग एरिया में लगाए जाएंगे।

वर्जन----

ट्रेन से कैंट स्टेशन आने वाले 80 परसेंट पैसेंजर्स बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ का दर्शन करने बनारस आते हैं। ऐसे में उन्हें कैंपस में ही बाबा का लाइव दर्शन कराने के लिए एलईडी स्क्रीन 15 नवंबर तक लग जाएंगे। जिससे वो आसानी से कैंट स्टेशन पर ही बाबा का दर्शन कर पाएंगे।

आनंद मोहन, डायरेक्टर

कैंट स्टेशन