JAMSHEDPUR: शहर और आसपास के क्षेत्र में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी बारिश की बौछारें पड़ीं। बारिश के बाद जहां मौसम सुहाना हो गया वहीं मौसम के करवट लेते ही शहर और आसपास के तापमान धड़ाम से गिर गया है।

नौ बजे बंद हुई बारिश

गुरुवार को दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई। सुबह गरज के साथ बारिश की बौछारों ने वातावरण को ठंडा कर दिया। नौ बजे तक बारिश बंद हो गई थी, लेकिन आसमान में दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर के बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई। शाम के वक्त भी तेज हवा के साथ बारिश से मौसम को खुशनुमा बना दिया। शाम भी गरज के साथ बिजली चमक रही थी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दो जून तक शहर और आसपास के क्षेत्र में मौसम का मिजाज इसी तरह का बना रहेगा। शुक्रवार और शनिवार को भी शहर और आसपास के क्षेत्र में झमाझम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही इस माह के अंतिम दिन भी हल्की बारिश होगी। इस दौरान तापमान में लगातार गिरावट होगी। प्री-मानसून के प्रभावी होने के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। जून माह के पहले सप्ताह में भी आसमान पूरी तरह से साफ नहीं रहेगा। बारिश की संभावना बनी रहेगी।

गिरा शहर का पारा

मौसम के करवट लेते ही शहर का तापमान धड़ाम से गिरा है। मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 14.2 और न्यूनतम तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की है। तापमान में गिरावट का सिलसिला आने वाले दो दिनों तक जारी रहेगा। शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद फिर से तापमान बढ़ेगा। मौसम विभाग ने गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.8 और न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। बुधवार को मई माह का अधिकतम तापमान सर्वाधिक अंक 42.0 डिग्री पर दर्ज किया गया था। 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान का सर्वाधिक अंक 42.0 गिरकर 27.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।