छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: जमशेदपुर में शुक्रवार की रात से हुई रुक-रुक कर बारिश ने शनिवार को भी अपना रुख बरकरार रखा। डेढ़ दिन में रिकार्ड 26.7 मिमी बारिश हुई। बारिश से स्वर्णरेखा व खरकाई नदी का जल स्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। लगातार बारिश होने से शहर का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शहर के निचले इलाके में लोगों के बीच दहशत है।

दूसरी ओर बर्मामाइंस के टाटा फाउंड्री में जल जमाव के कारण जुस्को की ओर से सड़क की नाली पर बनाई गई दीवार पानी के दबाव के कारण टूट गई। जिससे यहां के कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। जन सत्याग्रह के अध्यक्ष मनजीत कुमार मिश्रा ने बताया कि 10 घरों में गंदा पानी प्रवेश कर गया। जिसके कारण घरों का सामान बर्बाद हो गया।

मनजीत ने मुख्यमंत्री रघुवर दास से मांग की है कि टाटा कंपनी के होते हुए टाटा फाउंड्री इलाके में इस तरह की घटना हर बारिश में होती है। इसे तत्काल दूर कराएं। दूसरी ओर नदी के तटीय इलाके सोनारी आदर्श नगर, मानगो, आजादनगर, बिरसारोड उलीडीह, हड्डी गोदाम, भुइयांडीह, बागबेड़ा के निचले इलाके में बारिश का पानी से जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। यदि इसी तरह लगातार बारिश होती रही है तो तटीय इलाके में पानी प्रवेश कर सकता है। दूसरी ओर रविवार को कलश स्थापना होने के कारण लोगों को बारिश में ही कलश व पूजा सामग्री खरीदनी पड़ा रही है।

अभी जारी रहेगी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अभी शहर में बारिश का दौर जारी रहेगा। नवरात्र के पहले दिन रविवार को शहर और आसपास के क्षेत्र में बारिश होगी। विभाग ने चार अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अक्टूबर माह के दूसरे सप्ताह तक बारिश होने की आशंका जताई है। पूर्वानुमान की सूचना से पूजा कमेटियों में निराशा छाई हुई है। शहर में शनिवार को 26.7 मिमी बारिश हुई। वहीं शहर का तापमान अधिकतम 36.4 और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चार डिग्री घटा पारा

पिछले 24 घंटे के दौरान शहर का अधिकतम तामपान 4.2 डिग्री सेल्सियस घटा है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस था जो शनिवार को घटकर 26.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है।