-फेल ड्रेनेज सिस्टम से परेशान है पब्लिक

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: भीषण गर्मी में बारिश होते ही लोगों को गर्मी से राहत मिल जाती है। लेकिन हजारों लोग ऐसे हैं, जिनके लिए बारिश होते ही मुश्किल बढ़ जाती है। वजह, हल्की बरसात में भी भारी मुसीबत हो जाती है। ऐसे तमाम मोहल्ले हैं जहां जरा सी रिमझिम के बाद कीचड़ और गंदगी का राज हो जाता है।

मेन गेट पर भर गया पानी

बुधवार को शहर में कई जगह बारिश हुई। इसकी रफ्तार कहीं थोड़ी ज्यादा तो कहीं थोड़ी कम रही। पुराने शहर की जान और व्यापारियों के गढ़ मुट्ठीगंज में भी बारिश हुई। बारिश ने यहां के लोगों एवं व्यापारियों की परेशानी बढ़ा दी। बाबूगंज, साधुगंज आदि मंडियों में मेन गेट पर पानी भर गया। इससे बिजनेस पर भी असर पड़ा।

बारिश ने खोल दी निगम की पोल

कहने को तो यह केवल एक मंडी है, लेकिन यहां सैकड़ों परिवार रहते हैं। यह सभी लोग मेन गेट से ही अंदर जाते हैं और बाहर निकलते हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने इस बार मुट्ठीगंज की मंडियों में जलभराव न होने का दावा किया था। लेकिन बारिश में सारा दावा फेल साबित हो रहा है।

हर तरफ कीचड़ ही कीचड़

मुट्ठीगंज एरिया के मोहल्लों और मंडियों की हकीकत बस केवल एक उदाहरण है। शहर के दर्जनों मोहल्लों की करीब-करीब यही स्थिति है। यहां बारिश होते ही जलभराव और कीचड़ हो जाता है। ज्यादा बारिश हुई तो लोगों के घरों में पानी भर जाता है।

क्या कहते हैं लोग

बाबूगंज मंडी में जलभराव की समस्या वर्षो पुरानी है। मंडी में दर्जनों परिवार रहते हैं। सभी नगर निगम को हाउस टैक्स, सीवर टैक्स देते हैं। फिर भी निगम अधिकारी केवल लापरवाही करते हैं। 30 मिनट की बारिश के बाद हुए जलभराव को निकलने में 10 से 12 घंटे लग जाता है।

-राजेश केसरवानी

निवासी बाबूगंज मंडी

जब मेन गेट पर गंदगी, कीचड़ और पानी भरा होगा तो फिर घर कैसे साफ रहेगा? पानी के कारण व्यापार तो बंद नहीं किया जा सकता है। मजबूरी में गंदे पानी से होकर ही आना-जाना पड़ता है।

-रमेश कुमार

साधूगंज मंडी

शुक्र मनाइए कि यहां हल्की बरसात ही हो रही है। अगर दो-चार दिन जमकर बरसात हो जाए तो फिर मंडियों के मेन गेट पर ही नहीं, बल्कि लोगों के घरों में भी पानी दिखाई देगा।

-संजय

बाबूगंज मंडी

नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही से आज वार्ड की मंडियों व मोहल्लों में जल भराव की स्थिति है। नाला सफाई में लापरवाही की गई है। लक्ष्मी नारायण, पंच कोशी और मुठ्ठीगंज रोड पर पानी भर जा रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

-रुचि गुप्ता

पार्षद मुट्ठीगंज