आगरा। ताजनगरी में एकबार फिर ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। बुधवार को हुई बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक लुढ़क गया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना है।

दोपहर बाद बदला मौसम

बुधवार सुबह की सूरज के दर्शन के साथ हुई। करीब 12 बजे तक धूप निकली। इसके बाद मौसम अचानक से बदल गया। बादलों ने सूरज को अपने आगोश में ले लिया। शाम होने तक बादल छाए रहे। शाम करीब साढ़े चार बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई।

मैक्सिमम टेम्प्रेचर गिरा

दिन में बारिश होने से अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम कम 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। मिनिमम टेम्प्रेचर 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा।

आज भी बारिश के आसार

गुरुवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो बादल छाने के साथ बारिश की भी संभावना है। इससे अधिकतम तापमान में बुधवार की अपेक्षा गिरावट हो सकती है। टेम्प्रेचर 15 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। इस दौरान मिनिमम टेम्प्रेचर नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की ही संभावना जताई गई है।

19 को घने कोहरे की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 19 जनवरी को शहर में घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। इस दौरान मिनिमम टेम्प्रेचर में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।