कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। बाॅलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा हमेशा से विवादों में रहे हैं। पत्नी के कैरेक्टर पर सवाल खड़े करने से लेकर आईपीएल में सट्टेबाजी तक, कुंद्रा के विवादों की लिस्ट काफी लंबी है। पंजाबी परिवार में जन्में राज कुंद्रा हमेशा से अरबपति नहीं थे। उनके पिता लुधियाना से माइग्रेट होकर लंदन चले गए थे। जहां वह बस कंडक्टर का काम करते थे। कुछ समय बाद राज के पिता ने एक छोटा बिजनेस शुरु किया मगर वह ज्यादा लंबा नहीं चल सका।

18 साल की उम्र में छोड़ दिया था घर
राज कुंद्रा का जन्म लंदन में ही हुआ था। वह वहीं पर पढ़े-लिखे। 18 साल की उम्र में राज लंदन से दुबई चले गए और फिर वहां से नेपाल। जहां उन्होंने पशमीना शाॅल बेचने का काम शुरु किया। राज शाॅल लेकर ब्रिटेन जाते थे और वहां के बड़े-बड़े फैशन हाउस को बेचते थे। इससे उन्हें लाखों की कमाई होती थी। 2007 में वह दुबई चले गए और कीमती धातुओं, निर्माण, खनन और एनर्जी प्रोजेक्ट में काम करने वाली कंपनी एसेंशियल जनरल ट्रेडिंग एलएलसी की स्थापना की। वह उस समय बॉलीवुड फिल्मों के निर्माण में भी शामिल थे।

दो बार रचाई शादी
राज कुंद्रा की दो बार शादी हो चुकी है, पहली शादी कविता कुंद्रा से हुई जिनसे उनकी एक बेटी थी। बाद में दोनों ने तलाक ले लिया। 22 नवंबर 2009 को कुंद्रा ने बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी से शादी की। कुंद्रा और शेट्टी का एक बेटा है, जिसका जन्म 21 मई 2012 को हुआ है,और एक बेटी है, जिसका जन्म 15 फरवरी 2020 को सरोगेसी से हुआ है। कुंद्रा शिल्पा शेट्टी फाउंडेशन नामक एक एनजीओ से जुड़े हैं। उनकी किताब हाउ नॉट टू मेक मनी 2013 में प्रकाशित हुई थी।

आईपीएल विवाद के चलते रहे सुर्खियों में
2013 तक, राज कुंद्रा एसेंशियल स्पोर्ट्स और मीडिया से जुड़े थे, जो स्पोर्ट्स के अलावा प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े थे। इससे पहले 2009 में, कुंद्रा और शेट्टी ने मॉरीशस स्थित एक कंपनी का उपयोग करके इंडियन प्रीमियर लीग क्रिकेट टीम राजस्थान रॉयल्स में निवेश किया। हालांकि भारत सरकार के विभागों द्वारा निवेश की वैधता पर सवाल उठाया गया था। कुंद्रा से 2013 इंडियन प्रीमियर लीग स्पॉट फिक्सिंग मामले के संबंध में दिल्ली पुलिस द्वारा पूछताछ की गई थी। कुंद्रा पर आईपीएल में सट्टेबाजी का आरोप लगा था मगर वह दोषी नहीं पाए गए हालांकि उनकी टीम को दो साल के लिए बैन कर दिया गया था।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk