नई दिल्ली (एएनआई)। केंद्र की मोदी सरकार ने शुक्रवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदल दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ट्विटर पर कहा, देश को गर्वित कर देने वाले पलों के बीच अनेक देशवासियों का ये आग्रह भी सामने आया है कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद जी को समर्पित किया जाए। लोगों की भावनाओं को देखते हुए, इसका नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किया जा रहा है। जय हिंद! उन्होंने आगे कहा, "मेजर ध्यानचंद भारत के उन अग्रणी खिलाड़ियों में से थे जिन्होंने भारत के लिए सम्मान और गौरव बढ़ाया। इसलिए यह सही है कि हमारे देश का सर्वोच्च खेल सम्मान उन्हीं के नाम पर रखा जाएगा।


सीएम योगी ने की तारीफ
भारत में दिए जाने वाले सबसे बड़े खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदले जाने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी की तारीफ की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया है कि उत्तर प्रदेश में जन्मे हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी के नाम पर खेल रत्न पुरस्कार का नामकरण असंख्य खेल प्रेमियों व सम्पूर्ण खेल जगत का सम्मान है। ऐसे में यूपी की तरफ से आपका हृदय से आभार है।
ध्यानचंद एक महान हॉकी खिलाड़ी थे
पीएम ने यह ऐलान भारतीय पुरुष हॉकी टीम द्वारा ओलंपिक खेलों में 41 साल बाद कांस्य पदक जीतने के एक दिन बाद किया है। ध्यानचंद एक महान हॉकी खिलाड़ी थे जो अपने जादुई हॉकी कौशल के लिए जाने जाते थे। वह 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा थे। 29 अगस्त को भारत ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाता है।

National News inextlive from India News Desk