नई दिल्ली (एएनआई): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए 7 नामों की एक और सूची जारी कर दी है। इस लिस्‍ट में गुजरात से पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और महाराष्ट्र से नवनियुक्त नेता अशोक चव्हाण को नॉमिनेट किया गया है। बीजेपी ने अपनी ताजा सूची में गुजरात से चार और महाराष्ट्र से तीन नामों की घोषणा की है। बीजेपी ने जेपी नड्डा के अलावा गुजरात से गोविंदभाई ढोलकिया, मयनभाई नायक और जशवंतसिंह परमार को उम्मीदवार बनाया है। महाराष्ट्र के लिए पार्टी ने अशोक चव्हाण के अलावा मेधा कुलकर्णी और अजित गोपछडे को उम्मीदवार बनाया है।

14 उम्मीदवारों की लिस्‍ट पहले ही हो चुकी जारी
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने इस सप्ताह की शुरुआत में कांग्रेस छोड़ दी थी और मंगलवार को उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए। इस बीच, नड्डा, जो फिलहाल हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सदस्य हैं, को गुजरात से मैदान में उतारा जा रहा है क्योंकि भाजपा के पास कांग्रेस शासित इस पहाड़ी राज्य में एकमात्र सीट जीतने के लिए पर्याप्त वोट संख्या नहीं है। इससे पहले आज, भाजपा ने घोषणा की कि वह आगामी चुनावों के लिए ओडिशा से केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश से एल मुरुगन को उम्‍मीदवार बना रही है। रविवार को, भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए 14 उम्मीदवारों की घोषणा की थी, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह और पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी शामिल हैं।

राज्‍यसभा मेंबर्स का करेंट स्‍टेटस
राज्‍य सभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की लास्‍ट डेट 15 फरवरी है। बता दें कि राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल छह साल का होता है और 33 फीसदी सीटों के लिए हर दो साल में चुनाव होते हैं। वर्तमान में, राज्यसभा में सदस्यों की संख्या 245 है। कुल 245 सदस्यों में से, जिनमें से 233 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों दिल्ली, पुदुचेरी जम्मू और कश्मीर के प्रतिनिधि हैं और 12 मेंबर राष्ट्रपति द्वारा नामित हैं।

ऐसे होता है राज्‍यसभा सदस्‍यों का चुनाव
बता दें कि जनसंख्या के आधार पर, प्रत्येक राज्य को उच्च सदन में उम्मीदवारों की एक निश्चित संख्या अलॉट की जाती है। राज्य विधान सभाओं के सदस्य सिंगल ट्रांसफरेबल वोट के माध्यम से आनुपातिक प्रतिनिधित्व की अप्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली के माध्यम से राज्यसभा सदस्यों का चयन करते हैं। चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश समेत 15 राज्यों के लिए राज्यसभा चुनाव 27 फरवरी को निर्धारित किए हैं। वोटिंग सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। नॉमिनेशन की लास्‍ट डेट 15 फरवरी निर्धारित की गई है। चुनाव के नतीजे उसी दिन यानि 27 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने 27 फरवरी को 56 सीटों के लिए द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव की घोषणा की है, क्योंकि मौजूदा पदाधिकारियों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है।

National News inextlive from India News Desk