RANCHI :रांची एयरपोर्ट पर बुधवार को एक बार फिर बर्ड हिट के कारण फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इस बार यह हादसा दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की 6ई-398 फ्लाइट के साथ हुआ। इससे पहले सुबह साढ़े आठ बजे फ्लाइट अपने स्थान पर आकर खड़ी हो गई। एक-एक कर यात्री फ्लाइट में बैठने लगे। उड़ान का समय 9.40 बजे था। जैसे ही पायलट ने रनवे पर फ्लाइट को उड़ान के लिए टेक ऑफ लिया इसी बीच एक पक्षी उससे आकर टकरा गया और फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। लैंडिंग के वक्त फ्लाइट में कुछ तकनीकी खराबी आ गई जिसे इंजीनियरों ने ठीक करने का प्रयास किया। लेकिन समय ज्यादा लगने के कारण पैसेंजर्स को दूसरी फ्लाइट में एडजस्ट करा कर दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

कुछ पैसेंजर्स हुए चोटिल

बर्ड हीटिंग से अनबैलेंस हुई फ्लाइट में बैठे कुछ पैसेंजर को चोट भी लगी। वहीं इस हादसे के बाद यात्रियों में एक डर भी समा गया। बच्चे और महिलायें काफी सहमी नजर आई। पक्षी के टकराने से फ्लाइट के पंखे क्षतिग्रस्त हो गए थे। इंजीनियर और टेक्निशियन ने इसकी रिपेयरिंग के लिए काफी देर तक प्रयास किया लेकिन ठीक नहीं हो सका।

तो क्यों न हो बर्ड हिट

एयरपोर्ट के बाहर कैंटीन के पास डंपिंग यार्ड बना दिया गया है। इस जगह पर काफी गंदगी पसरी रहती है। गंदगी के पास पक्षी और दूसरे जानवर मंडराते रहते हैं। फ्लाइट्स से निकलने वाले गंदगी को भी यही लाकर फेंक दिया जाता है। और यही पक्षी आये दिन किसी न किसी प्लाइट के लिए ऐसे हादसों का कारण बन रहे हैं। इससे पहले भी रांची एयरपोर्ट पर बर्ड हिट की घटना घट चुकी है।

वर्जन

फ्लाइट के टेक ऑफ करने से पहले ही पायलट सचेत हो गया था, उसे जैसे ही लगा की कुछ टकराया है उसने रनवे पर ही इंजन बंद कर दिया। सभी पैसेंजर्स को सुरक्षित बाहर निकाला गया, 18 पैसेंजरों ने अपना रिफंड वापस ले लिया, बाकी को विस्तारा और इंडिगो की दूसरी फ्लाइट से भेजा गया। गंदगी की सफाई के लिए सख्त आदेश दिया गया है।

विनोद शर्मा, डायरेक्टर, रांची एयरपोर्ट