RANCHI: रांची यूनिवर्सिटी के कॉन्वोकेशन में इस बार बेटियों ने जमकर सोना लूटा है। 56 गोल्ड मेडलिस्ट स्टूडेंट्स में 45 लड़कियां हैं और 9 लड़के। बेटियों की इस सफलता को देख दीक्षांत मंडप और कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने सराहना की। लेकिन प्रेसिडेंट ने सराहना के साथ साथ उन्हें नमन भी किया। कहा कि बेटियों पर गर्व है और हर उस मां-बाप को अपने बच्चों पर गर्व होता है जो देश, समाज, परिवार की बेहतरी के लिए अपना जीवन झोंक देते हैं। प्रेसिडेंट ने लड़कियों को गोल्ड मेडल देते हुए कहा कि इसी तरह समाज के हित के लिए काम करते रहें।

बेटी के पिता को तोहफा

बैंक ऑफ इंडिया श्यामली ब्रांच के मैनेजर यूके शर्मा सोमवार को रिटायर हो गए। लेकिन ठीक उनके रिटायरमेंट के दिन ही उनकी बेटी कविता शर्मा ने उन्हें तीन गोल्ड मेडल का तोहफा दिया है। कविता को दीक्षांत समारोह के दौरान मिले इन गोल्ड मेडल्स ने पिता का सीना चौड़ा कर दिया है। कविता ने कहा कि उसकी यह जीत उसके पिता के कर्तव्यों के कारण संभव हो सकी है।

आरयू का शानदार अतीत

राष्ट्रपति ने कहा, आरयू का अतीत शानदार रहा है। पूर्ववर्ती स्टूडेंट्स में सुप्रीम कोर्ट के न्यायधीश रहे एमवाई इकबाल रांची यूनिवर्सिटी के ही स्टूडेंट रहे हैं। आपके सीएम रघुवर दास ने इसी यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त की है। महेंद्र सिंह धोनी ने विश्व में देश का नाम रौशन किया है। इसी तरह दीपिका भी हैं। इस धरती के अल्बर्ट एक्का से लेकर जयपाल सिंह मुंडा तक ने देश का मान बढ़ाया है। संघर्ष और त्याग के रूप में भगवान बिरसा मुंडा, नीलांबर-पीतांबर, सिदो-कान्हू जैसे वीरों ने यहां की संस्कृतियों को नया आयाम दिया है। टाना भगत बापू के मार्ग पर चले।

बड़ी योजनाएं झारखंड से शुरू हुई

राष्ट्रपति ने कहा कि केंद्र सरकार ने झारखंड से कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की है। 450 एकलव्य स्कूल स्थापित करने की शुरुआत यहीं से की गई। देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत, साहेबगंज में मल्टी मॉडल टर्मिनल, किसान मानधन योजना, राष्ट्रीय पेंशन योजना जैसी कई योजनाएं झारखंड से ही शुरू की गईं।

राष्ट्रपति ने रांची की जनता से प्रकट किया खेद

राष्ट्रपति के रांची आने के दौरान रूट डायवर्ट किया गया था। कुछ लोगों की फ्लाइट और ट्रेनें छूट गईं। इन परेशानियों को लेकर रामनाथ कोविंद ने रांची की जनता के प्रति खेद प्रकट किया। उन्होंने कहा कि ये उनकी मजबूरी होती है। उन्होंने कहा कि बारिश के चलते मैं गुमला के बिशुनपुर नहीं जा पाया, लेकिन वे जल्द ही वहां जाएंगे।