मुंबई (इंटरनेट डेस्क)। करीना कपूर और सैफ अली खान का बड़ा बेटा तैमूर अली खान अक्सर मीडिया में छाया रहता है लेकिन इस बार उन्होंने अपने छोटे बेटे को लाइमलाइट से काफी दूर रखा है। वह करीब 5 महीने का हो चुका है लेकिन अभी तक उसके नाम को लेकर भी कोई कंफर्मेंशन नहीं आया था। ऐसे में लोग तैमूर के छोटे भाई के नाम को लेकर काफी एक्साइटेड थे और अलग-अलग कयास लगा रहे थे। हालांकि अब खुद तैमूर के नाना यानी कि रणधीर कपूर ने उसके नाम का खुलासा कर दिया है। उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए खुलासा किया कि करीना और सैफ के छोटे बेटे का नाम जेह रखा गया है। इस नाम को लगभग एक सप्ताह पहले फाइनल किया गया है।

21 फरवरी को करीना ने दिया था दूसरे बेटे को जन्म
सैफीना ने इस साल 21 फरवरी को अपने दूसरे बच्चे एक बेबी बॉय का वेलकम किया। करीना ने मुंबई के एक अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया और तब से उन्होंने उसके नाम और उसकी पिक्चर्स को मीडिया की चकाचौंध से काफी दूर रखा है। इससे पहले रणधीर कपूर जो सोशल मीडिया की दुनिया में नए हैं, ने गलती से एक बच्चे की तस्वीर पोस्ट कर दी, जिसे प्रशंसक अभी भी मानते हैं कि यह उनके पांच महीने के पोते की एक झलक थी। सोशल मीडिया पर कई दिनों तक यह तस्वीर सामने आती रही और रणधीर द्वारा इस तस्वीर को हटाने के तुरंत बाद चर्चा में आ गई।

तैमूर के नाम को लेकर काफी ट्रोल हुए सैफ-करीना
सैफीना के अपने इस बच्चे के नाम और फोटो को पीछे रखने की एक वजह यह मानी जा रही है कि 2016 में तैमूर के जन्म पर वे काफी ट्रोल हुए थे। करीना और सैफ को अपने बेटे का नाम तुर्की आक्रमणकारी के नाम पर रखने के लिए सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया था। बाद में इस कपल ने इस बात की पुष्टि की कि फारसी भाषा में तैमूर का अर्थ 'लोहा' होता है, इसलिए उन्होंने इस नाम को चुना। अक्टूबर 2012 में शादी के बंधन में बंधने से पहले दोनों ने कुछ सालों तक डेट किया। कपल ने चार साल बाद 20 दिसंबर, 2016 को अपने पहले बच्चे तैमूर का स्वागत किया।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk