- राजबल्लभ प्रकरण पर बोलीं महिला जदयू अध्यक्ष

PATNA/ BIHARSHARIFF : अपराध व रेप की घटना नई नहीं है। इस तरह की घटनाएं रामायण व महाभारत काल में भी होती थी। यह बात शनिवार को जदयू की महिला प्रदेश अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने शेखपुरा में पत्रकारों से कही। महिला सेल की प्रदेश अध्यक्ष से पत्रकारों ने जदयू की सहयोगी राजद के विधायक राजबल्लभ यादव की गिरफ्तारी करने में सरकार की विफलता के बारे में सवाल किए थे। शनिवार को महिला जदयू की प्रदेश अध्यक्ष पटना से मुंगेर जाने के क्रम को थोड़ी देर के लिए शेखपुरा में रुकी थी। यहां जदयू के छात्र समागम से जुड़े नेताओं राहुल कुमार तथा जयदेव कुमार के साथ राजद नेता ललन साव, गुड्डू साव तथा कांग्रेस नेता आनंदी यादव सहित अन्य ने कंचन गुप्ता तथा उनके साथ अन्य महिला नेत्रियों का भव्य स्वागत किया।

सरकारी मिशनरी कर रही कार्रवाई

शेखपुरा के सिनेमा रोड में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रेप व अन्य तरह की आपराधिक घटनाएं हर काल में होती रही है। यहां तक की रामायण व महाभारत काल में भी इस तरह की घटना होती थीं। कंचन गुप्ता ने कहा कि घटना से अधिक महत्व इस बात की है कि इस तरह की घटनाओं पर शासन-प्रशासन की कार्रवाई किस तरह की है। उन्होंने कहा कि राजबल्लभ मामले में सरकार की मिशनरी अपना काम कर रही है।

फ्फ् परसेंट आरक्षण की वकालत की

महिला जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने विधान सभा में महिलाओं को फ्फ् प्रतिशत आरक्षण की वकालत करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने इस दिशा में अपना काम शुरू कर दिया है। नौकरियों व निचले स्तर के चुनाव में महिलाओं को आरक्षण देकर नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण का बड़ा काम किया है। जदयू की महिला सेल की प्रदेश अध्यक्ष के साथ राज्य खाद्य आयोग की सदस्या चंद्रकांता देवी, मृदुला राय तथा बिहार बाल संरक्षण आयोग की सदस्य ललिता जायसवाल तथा शेखपुरा जिला जदयू की महिला सेल की पूर्व अध्यक्ष रेणु सिंह भी शामिल थीं।