JAMSHEDPUR: महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) कॉलेज व अस्पताल में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। गुरुवार की रात अस्पताल के वार्ड में परसुडीह थाना क्षेत्र की एक 58 वर्षीय महिला मरीज से उसी वार्ड में भर्ती दो महिला मरीजों के सामने दुष्कर्म हुआ। आठ मार्च को इस मामले में शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपित की पहचान के लिए अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मालूम हो कि घटना को अफवाह कहते हुए अस्पताल ने छुपाने का प्रयास किया था। लेकिन जब यह मामला पुलिस-प्रशासन के वरीय अधिकारी और महिला संगठनों तक पहुंचा तो प्राथमिकी की कार्रवाई हुई।

पीडि़ता के अनुसार, अस्पताल के चार तल्ला स्थित मेडिकल वार्ड में तीन महिला मरीज दाखिल थीं। घटना के दिन परसुडीह की महिला के साथ चाकू के बल पर एक युवक ने दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर उसने मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। चाकू दिखा कर जान से मारने की धमकी दी। इसी वार्ड में दाखिल दो महिला मरीजों ने दुष्कर्म होते देखा। लेकिन, चाकू देख चुप्पी साध गईं। दुष्कर्म के दौरान महिला एक बार जोर से शोर मचाई। बगल के वार्ड में कुछ रोगियों ने आवाज भी सुनी। घटना की प्रत्यक्षदर्शी गवाह दोनों महिलाएं हैं। उनके अनुसार, पीडि़ता रात भर रोती रही। मालूम हो कि पीडि़ता जनवरी से ही अस्पताल में भर्ती थी। घटना के दिन महिलाएं रात में वार्ड का दरवाजा भीतर से बंद करना भूल गई थीं। इसका फायदा उठाकर रात करीब दो बजे हल्की दाढ़ी वाले और नाटे कद का युवक वार्ड में घुस गया। दुष्कर्म किया। पीडि़ता ने सुबह में दूसरी वार्ड की महिला मरीजों से घटना शेयर की। बात नर्सों तक पहुंची। इसके बाद प्रबंधन तक। सच्चाई सामने नहीं आए इसलिए आनन-फानन में पीडि़ता और उसकी वार्ड में दाखिल दोनों महिला मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उधर, साकची थाने की पुलिस ने गुरुवार को पीडि़ता की एमजीएम अस्पताल में मेडिकल जांच कराई है। इंस्पेक्टर कृणाल कुमार के अनुसार अभी रिपोर्ट नहीं मिल पाई है।

पुलिस ने छानबीन शुरू की

दुष्कर्म की बात सामने आने पर पुलिस ने छानबीन शुरू की। अस्पताल में महिला ने पंजीयन में जो नाम-पता दर्ज कराया था, उसी के सहारे पुलिस पीडि़ता तक पहुंची। फिर पीडि़ता ने पूरी घटना बयां की। वह ठीक से चल-फिर भी नहीं पाती है। उसने बताया कि घटना के दिन साथ में पड़ोस की एक परिचित महिला भी थी। पुलिस ने उस महिला से भी बयान लिया है।

परसुडीह क्षेत्र की एक महिला मरीज जो एमजीएम अस्पताल में इलाजरत थी, उसके साथ मेडिकल वार्ड में दुष्कर्म की घटना हुई है। महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

- कृणाल कुमार, साकची थाना इंस्पेक्टर