- नशीली वस्तु सुंघाकर दुष्कर्म करने का लगाया आरोप

- किशोरी को कमरे में बंधक बनाकर हो गया था फरार

Meerut: परतापुर थानाक्षेत्र के रिठानी में युवक ने शनिवार देर रात किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे अपने ही कमरे में बंधक बनाकर फरार हो गया। रविवार सुबह जानकारी होने पर परिजनों ने किशोरी को मुक्त कराया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है।

रात को उठा ले गया था अपने कमरे में

रिठानी स्थित एक मकान में योगेश किराये पर रहता है। इसी मकान में एक अन्य परिवार भी रहता है। आरोप है कि शनिवार देर रात योगेश ने मकान में रहने वाले एक परिवार की किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में बंधक बना लिया। किशोरी से दुष्कर्म किया और पूरी रात वहीं रखा। रविवार सुबह आरोपी ने किशोरी के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए और अपने कमरे में बंद करके ड्यूटी पर चला गया। सुबह परिजनों ने किशोरी के नहीं मिलने पर उसकी खोजबीन शुरू की। होश आने पर किशोरी किसी तरह से बंधन मुक्त हुई और कमरे का दरवाजा पीटना शुरू किया। शोर सुनकर परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने ताला तोड़ दिया और अंदर से किशोरी को बरामद किया।

आरोपी हिरासत में

सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपी युवक को पुलिस ने उद्योगपुरम् स्थित फैक्ट्री से गिरफ्तार कर लिया। किशोरी के परिजनों ने थाने में दुष्कर्म और अपहरण की तहरीर दी है। उनका आरोप है कि पुलिस दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। आरोप है कि मामले को छेड़छाड़ की धाराओं में दर्ज करने का दबाव बनाया जा रहा है।

तहरीर के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। पीडि़त ने जो भी आरोप लगाए हैं उसकी जांच कर ही कार्रवाई की जाएगी।

- रफीक अहमद, सीओ, ब्रह्मापुरी