पांच हजार का अर्थदंड भी लगाया

DEHRADUN: कोतवाली क्षेत्र में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाले को सात साल कैद की सजा सुनाई गई है। विशेष न्यायाधीश पोक्सो रमा पांडेय की अदालत ने दोषी पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड अदा न करने पर उसे एक माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

मई 2016 का है मामला

विशेष लोक अभियोजक पोक्सो भरत सिंह नेगी ने अदालत को बताया कि आठ मई 2016 को बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान निखिल कुमार पुत्र लक्ष्मी मंडल निवासी कोतवाली क्षेत्र उसे बहलाकर क्षेत्र के एक मकान में ले गया। जहां निखिल ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। देर शाम तक बच्ची घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान बच्ची की मां को कुछ लड़कों ने बताया कि उन्होंने उसे निखिल के साथ जाते हुए देखा था। बच्ची की मां जब घटनास्थल पर पहुंची तो बेटी के कपड़े अस्त-व्यस्त मिले। पुलिस ने निखिल पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सात गवाह पेश हुए

अदालत में सुनवाई के दौरान मां-बेटी अपने बयान से मुकर गए, लेकिन बच्ची के अंत:वस्त्रों की एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर अदालत ने पाया कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। वहीं, वारदात के बाद बालिका के 164 के तहत हुए बयान को भी अदालत ने आधार माना और निखिल को सजा का एलान कर दिया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कुल सात गवाह पेश किए।

छेड़छाड़ के आरोप में प्रॉपर्टी डीलर अरेस्ट

DEHRADUN: प्रेमनगर में एक किशोरी से छेड़खानी का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशे से प्रॉपर्टी डीलर है। पुलिस के मुताबिक किशोरी का परिवार प्रेमनगर थाना क्षेत्र की एक बस्ती में झोपड़ी बनाकर रहता है। शनिवार दोपहर किशोरी घर पर अकेली थी। इसी दौरान यहां अक्सर आने-जाने वाले प्रॉपर्टी डीलर लियाकत पुत्र रफीक निवासी ग्राम रुद्रपुर थाना सहसपुर की नजर उस पर पड़ गई। आरोप है कि वह झोपड़ी में घुस गया और किशोरी से छेड़खानी करने लगा। इतना ही नहीं लियाकत ने किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास भी किया और उसके कपड़े फाड़ डाले। किशोरी ने शोर मचाया तो लियाकत भाग निकला। मां के लौटने पर किशोरी ने उसे पूरी बात बताई, जिसके बाद वह किशोरी को लेकर थाने पहुंची। थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि आरोपी को सहस्त्रधारा रोड से गिरफ्तार किया गया है। उस पर प्रेमनगर में सरकारी जमीन की धोखाधड़ी करने के मामले में भी मुकदमा दर्ज है।