कुंभ मेला के मद्देनजर बेहतर लुक के लिए कलर हुआ निर्धारित

शो रूम व शॉप मालिकों ने निर्देश के आधार पर शुरू किया बदलाव

ALLAHABAD: कुंभ मेला 2019 वाकई अद्भुत ही नहीं बल्कि अनोखा होगा। इसका एहसास संगम नगरी में आने वाले लाखों तीर्थ यात्रियों को न सिर्फ मेला क्षेत्र बल्कि शहर में भी हर कदम पर होगा। क्योंकि शहर को सजाया और संवारा ही कुछ इस तरह से जा रहा है। शहर के बदलते स्वरूप में सिविल लाइंस का सरदार पटेल रोड भी पूरी तरह से बदला हुआ यानी 'रेड एंड ब्लैक' नजर आएगा।

काफी पहले हुई थी प्लानिंग

करीब एक वर्ष पहले पूर्व जिलाधिकारी संजय कुमार के कार्यकाल में ही सिविल लाइंस का लुक बदलने का प्लान बनाया गया था। सभी शॉप, शो रूम व मॉल का फ्रंट लुक एक कलर में और एक जैसा करने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए पिंक कलर का निर्धारण हुआ था, लेकिन संजय कुमार के ट्रांसफर के बाद प्लान आगे नहीं बढ़ सका।

व्यापारियों ने दी थी सहमति

कुंभ मेला तैयारी ने जब रफ्तार पकड़ी तो करीब दो सप्ताह पहले एडीए और एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों की मीटिंग हुई। इसमें सिविल लाइंस व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। मीटिंग में कुंभ मेला को भव्य बनाने के लिए सिविल लाइंस की दुकानों का फ्रंट लुक कलर रेड एंड ब्लैक करने का निर्णय लिया गया। सिविल लाइंस के व्यापारियों ने अपने खर्च पर मेला के लिए बदलाव पर सहमति दी।

कलर कोड का शुरू हुआ पालन

हॉट स्टफ चौराहे के आस-पास कई शोरूम ने अपना फ्रंट लुक रेड एंड ब्लैक कर दिया है। वहीं कई बड़े शो-रूम व शॉप मालिक फ्रंट लुक में बदलाव करा रहे हैं। बदलाव इस तरह से कराया जा रहा है कि फ्रंट का पुरा लुक रेड एंड ब्लैक दिखाई दे। सुभाष चौराहे से सरदार पटेल मार्ग पर सड़क के दोनों ओर अब यह बदलाव दिखने लगा है।

कुंभ मेला के लिए चल रही तैयारियों में सिविल लाइंस व्यापार मंडल एडमिनिस्ट्रेशन के साथ है। शहर को सजाने और संवारने के लिए ही व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान का फ्रंट लुक एक ही कलर में करने का निर्णय लिया है। इसे वे अपने खर्च से कर रहे हैं। जल्द ही सरदार पटेल मार्ग पर यह बदलाव दिखने लगेगा।

शिवशंकर सिंह

महामंत्री, सिविल लाइंस व्यापार मंडल