कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Republic Day 2023: 26 जनवरी 2023 को भारत में 74 वां गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। एक लोकतांत्रिक राष्ट्र के नागरिक के रूप में, हर एक भारतीय इस राष्ट्रीय महत्व के दिन को काफी उत्साह के साथ मनाता है। बॉलीवुड में ऐसी बहुत सारी देशभक्ति की फिल्में बनी हैं, जिनकी कहानियों से आपकी आंखें नम हो जाएंगी। तो आप अपने अंदर के देशभक्त को प्रेरित करने के लिए इनमें से कोई एक या सभी फिल्म देखकर गणतंत्र दिवस 2023 मना सकते हैं।

1. 'शेरशाह' (2021)
सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवानी की फिल्म शेरशाह ने हर एक व्यूवर को रोने पर मजबूर कर दिया। यह फिल्म कारगिल वॅार हीरो कैप्टन विक्रम बत्रा की लाइफ से इंस्पायर है। वॅार के दौरान सभी को चाणक्य, महाराणा प्रताप जैसे कोडनेम दिए गए थे। ताकी रेडियों कम्यूनिकेशन के जरिए बात करने के दौरान उनके असली नाम की गोपनियता बनी रहे। इस दौरान ही कैप्टन विक्रम बत्रा को कोडनेम के तौर पर शेरशाह नाम दिया गया था।

2. 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' (2019)
विक्की कौशल और यामी गौतम स्टारर यह फिल्म बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक है। यह फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है जो पुलवामा अटैक के बाद आतंकवादियों पर भारत की तरफ से की गई सर्जिकल स्ट्राइक के इर्द-गिर्द घूमती है। यह फिल्म लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हुई और ब्लॉकबस्टर रही। इस फिल्म को ऑडियंस का तो प्यार मिला ही साथ ही इसे 4 नेशनल अवार्ड से भी नवाजा गया।

3. 'राजी' (2018)
मेघना गुलजार द्वारा निर्देशित फिल्म राजी ने आलिया भट्ट के फिल्मी करियर में सक्सेस का एक और पंख जोड़ दिया। हरिंदर सिंह सिक्का के उपन्यास 'कॉलिंग सहमत' से प्रेरित, यह फिल्म एक युवा कश्मीरी लड़की सहमत खान की एक प्रेरणादायक कहानी है, जो एक पाकिस्तानी सेना अधिकारी (विकी कौशल) इकबाल सैयद से शादी करती है, और एक भारतीय जासूस के रूप में पाकिस्तान चली जाती है।

4. 'एयरलिफ्ट' (2016)
इस फिल्म में अक्षय कुमार और निम्रत कौर मुख्य भूमिका में थे। कुवैत शहर में फंसे एक सक्सेसफुल बिजनेसमैन की कहानी को उस समय के दौरान दिखाया गया था जब उस पर इराक ने आक्रमण किया था और जिसके परिणाम के तौर पर हजारों भारतीय युद्धक्षेत्र में फंस गए थे। फिल्म की कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित थी और भारतीय नागरिकों को बचाने और अधिकारियों की मदद से घर लाने से पहले की एक वास्तविक तस्वीर को दर्शाती है।

5. 'रंग दे बसंती' (2006)
आमिर खान-स्टारर, 'रंग दे बसंती' लगभग 17 साल पहले रिलीज हुई थी, लेकिन इसे लोग आज भी काफी पसंद करते हैं। यह फिल्म दोस्तों के एक ग्रुप की कहानी है जो सिस्टम से सवाल करते हैं। यह फिल्म, जिसमें चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह जैसे स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई थी, बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी हिट साबित हुई थी।

6. 'स्वदेश' (2004)
फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर द्वारा निर्देशित, शाहरुख खान ने 'स्वदेश' में काफी बेहतरीन काम किया था। फिल्म की कहानी एक नासा साइंटिस्ट के इर्द-गिर्द घूमती है। शाहरुख फिल्म में साइंटिस्ट का रोल प्ले करते हैं जिन्हें बाद में अपनी मातृभूमि से प्यार हो जाता है और वह भारत वापस आ जाते हैं और अपने बचपन के गांव को विकसित करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर देते हैं।

7. 'बॉर्डर' (1997)
फिल्म में फौजी की जिंदगी को शानदार ढंग से दिखाया गया है। फिल्म बॉर्डर में 1971 में लड़े गए भारत पाक युद्ध की एक ऐसी कहानी दिखाई गई, जिससे हर कोई भावुक हो गया। साथ ही किस तरह से एक फौजी हर वक्त देश के लिए मर मिटने को तैयार रहता है। इस जज्बे को फिल्म के जरिए दर्शकों तक पहुंचाया गया है।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk