- तैयारियां पूरी, कई विभागों की झांकियां और सांस्कृतिक दल देंगे प्रस्तुति

- सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन ने कसी कमर, देर रात तक चला चेकिंग अभियान

>DEHRADUN: आज देश में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस सेलिब्रेट किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। गणतंत्र दिवस पर मुख्य आयोजन शहर के बीचोंबीच स्थित परेड ग्राउंड में होगा। परेड ग्राउंड में सुबह साढ़े दस बजे राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ध्वजारोहण करेंगी। परेड ग्राउंड में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं विधानसभा, सीएम आवास व सचिवालय में भी परेड ग्राउंड में होने वाले मुख्य आयोजन से पहले ध्वजारोहण किया जाएगा। इधर, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। रेलवे, बस स्टेशन और होटल्स में देर रात तक पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।

कई दिनों से चल रही हैं तैयारियां

राजधानी के परेड ग्राउंड में होने वाले मुख्य आयोजन के लिए कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं। जिनको सैटरडे को फाइनल टच दिया गया है। सुबह साढ़े दस बजे परेड ग्राउंड में राज्यपाल बेबी रानी मौर्या ध्वजारोहरण करेंगी। इस दौरान आर्मी, पुलिस, एक्स सर्विसमैन, होमगार्ड, पीआरडी जवानों की ओर से परेड आयोजित की जाएगी। तमाम विभागों की ओर से झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। जबकि 10 सांस्कृतिक दलों की ओर से शानदार प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। इधर, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सरकारी भवन रोशनी से जगमगाए दिखे। विधानसभा, सचिवालय, सीएम आवास, राजभवन रोशनी से प्रकाशमान रहे।

यहां होगा ध्वजारोहण

- राजभवन में गणतन्त्र दिवस पर राजभवन कैंपस में ध्वजारोहण सुबह 8:30 बजे।

- विधानसभा में स्पीकर करेंगे ध्वजारोहण सुबह 9.30 बजे।

- सीएम आवास कैंट में सीएम करेंगे ध्वजारोहण सुबह 9.0 बजे।

- प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर सुबह 9.30 बजे।

- प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर ध्वजारोहण सुबह 9.15 मिनट पर।

- शिवसेना मुख्यालय गोविंदगढ़ में ध्वजारोहण सुबह 9.0 बजे।

- मसूरी में लंढौर चौक पर सार्वजनिक ध्वजारोहण सुबह 11 बजे।

आज राजभवन चार घंटे के लिए खुला रहेगा

गणतंत्र दिवस के मौके पर इस बार राजभव कैंपस आम लोगों के लिए खुला रहेगा। राज्यपाल बेबी रानी मौर्या के निर्देशों पर 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर राजभवन आम लोगों के लिए सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक खुला रहेगा। इस दौरान कोई भी राजभवन को करीब से निहार सकता है।

स्पीकर ने दी शुभकामनाएं

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने गणतन्त्र दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र व संविधान में आस्था का प्रतीक यह पर्व उन महान आत्माओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का दिन है। जिन्होंने भारत को एक अद्वितीय संविधान देकर गणतंत्र की गरिमा प्रदान की। स्पीकर ने कहा है कि इस पावन पर्व के अवसर पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समरसता को बनाए रखेंगे। इधर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत ने भी गणतंत्र दिवस पर देश व प्रदेश की जनता को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

बेटियों की सुरक्षा महत्वपूर्ण

राज्यपाल बेबी रानी मौर्या ने प्रदेश वासियों को गणतन्त्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा है कि यह वर्ष उत्तराखण्ड के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस वर्ष हम अपनी स्थापना के 20 वर्ष भी पूर्ण करेंगे। राज्य के समग्र विकास के लिये ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त रूप से प्रदान करने की आवश्यकता है। इस दिशा में राज्य सरकार द्वारा आवश्यक नीतिगत सुधार भी किये जा रहे हैं। कहा, महिलाएं इस प्रदेश के विकास की धुरी हैं। महिलाओं को शिक्षा एवं रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करा कर विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। बालिकाओं की सुरक्षा भी एक महत्वपूर्ण विषय है। बेटियों को मां के गर्भ से ही सुरक्षित वातावरण देना हम सबकी जिम्मेदारी है। कन्या भ्रूण हत्या पाप है। राज्य में स्कूल्स व उच्च शिक्षा संस्थानों में क्वालिटी एजुकेशन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।