नई दिल्ली (पीटीआई)। कृषि कानून के विरोध में गणतंत्र दिवस पर लाल किला हिंसा मामले में पुलिस ने एक और आरोपी मनिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। 30 वर्षीय मनिंदर सिंह पर प्रदर्शनकारियों को प्रेरित करते हुए लाल किले की प्राचीर पर तलवार लहराने का आरोप है। मनिंदर सिंह कार एसी मैकेनिक है। उसे मंगलवार की शाम लगभग 7.45 बजे उत्तर पश्चिमी दिल्ली के पीतमपुरा में सी डी ब्लॉक बस स्टॉप के पास से गिरफ्तार किया गया।

मनिंदर सिंह को लाल किले पर तलवारें लहराते हुए देखा गया

इस संबंध में पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) प्रमोद सिंह कुशवाह ने कहा कि मनिंदर सिंह को लाल किले पर दो तलवारें लहराते हुए एक वीडियो में देखा गया। उसका इरादा हमले में लिप्त, हिंसा करने वाले राष्ट्रविरोधी तत्वों को तलवार, खांड, लोहे की छड़, कुल्हाड़ी, बरसा, डंडा आदि से हमला करने के लिए प्रेरित करने, कट्टरपंथी बनाने और उकसाने का और गणतंत्र दिवस पर ऐतिहासिक स्मारक लाल किले को नुकसान पहुंचाना दिखा है।

फेसबुक पोस्ट से मनिंदर के कट्टरपंथी होने का पता चला

आरोपी स्वरूप नगर में अपने घर के पास एक खाली प्लॉट में एक तलवार-प्रशिक्षण स्कूल चलाता है। विभिन्न समूहों के फेसबुक पोस्ट से उसके कट्टरपंथी होने का पता चला है। वह अक्सर सिंघू बाॅर्डरआता और वहां नेताओं के भाषणों से बहुत प्रेरित होता था। पुलिस के अनुसार मनिंदर ने पड़ोस के छह लोगों को प्रेरित किया। ये सभी बाइक से सिंघू सीमा से मुकरबा चौक की ओर जाने वाले किसानों की ट्रैक्टर रैली में गणतंत्र दिवस पर निकले थे।

National News inextlive from India News Desk