भूमिया के पुल पर सैनी समाज ने लगाया पुलिसकर्मियों के लिए लंगर

धर्मशाला में 24 घंटे रहता है खाना और नाश्ते का बंदोबस्त

एक बार में 500 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी करते हैं भोजन

Meerut। 12-12 घंटे की शिफ्ट ड्यूटी कब 18 घंटे की हो रही, पता ही नहीं चलता। संकरी गलियों में गश्त, चौराहों पर मुस्तैदी के बीच न खाने के लिए, न नाश्ते के लिए कोई वक्त मुकर्रर है। पिछले 3 दिनों से शहर की सुरक्षा जिनके कंधों पर है उनकी भूख-प्यास का कुछ शहरवासी ख्याल रख रहे हैं। हम बात कर रहे हैं शहर के भूमिया पुल पर चल रहे लंगर की। जहां 24 घंटे पुलिसकर्मियों और सुरक्षा में तैनात पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के खाने और चाय-नाश्ते का बंदोबस्त शहर के कुछ लोग अपनी जमा पूंजी मिलाकर कर रहे हैं।

दंगे के बाद शुरू हो गया था लंगर

सीएए और एनआरसी के विरोध को लेकर शहर के मुस्लिम आबादी क्षेत्र में शुक्रवार दंगा भड़क गया। हजारों की संख्या में पुलिसबल शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया था। स्थिति सामान्य होने के साथ-साथ एक ओर रात गहरा रही थी, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा में तैनात जवानों की भूख जोर मार रही थी। ऐसे में शहर के कुछ समाजसेवी आगे आए। जमा पूंजी से एक-एक पाई जुटाकर इस लोग यहां राशन सामग्री लेकर आ रहे हैं। भूमिया चौराहे पर स्थित श्री भागीरथी सैनी धर्मशाला परिसर में शुक्रवार शाम से शुरू हुआ लंगर लगातार चल रहा है। लंगर में पुलिसकर्मियों के खाने-पीने से लेकर नाश्ते का बंदोबस्त है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और अधिकारियों की राय से ही लंगर में मेन्यू तय होता है।

शहरवासियों की सुरक्षा जिनके हाथ में है, उनके खाने-पीने के बंदोबस्त में हम लोग खड़े हैं। मेरठ में जल्द ही स्थिति सामान्य हो, ऐसी हमारी कामना है।

प्रेम चंद्र सैनी, संचालक

सादा और सुपाच्य भोजन लंगर में उपलब्ध रहता है। जिससे हमारी सुरक्षा में मुस्तैद पुलिसकर्मियों को कोई तकलीफ न हो।

रविंद्र कुमार गुप्ता, संचालक

लंगर के लिए किसी से कोई चंदा नहीं लिया जा रहा है। हमलोग अपनी जमा पूंजी से जुटाकर यह प्रयास कर रहे हैं। यह समाजसेवा से कम नहीं।

मूलचंद्र, संचालक

हम हर बार कांवड़ यात्रा के दौरान भंडारा चलाते हैं। यह ऐसा मौका है जब हम समाज की सुरक्षा करने वालों का ख्याल रख पा रहे हैं।

शंकर लाल सैनी, प्रधान संचालक

सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए धर्मशाला संचालकों का यह प्रयास सराहनीय है। यहां पुलिसकर्मियों और जनसामान्य के लिए हर समय भोजन और नाश्ता उपलब्ध रहता है।

राम अर्ज, एसपी क्राइम