आगरा। गेल इंडिया के अधिकारियों ने एमजी रोड स्थित ग्रांड इम्पीरियल होटल में आयोजित सक्षम साइकिल डे 2020 का पोस्टर विमोचन किया। पेट्रोलियन कंजरवेशन रिसर्च एसोसिएशन (पीसीआरए) के तत्वावधान में जागरूकता अभियान 16 जनवरी से 15 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है। इसका शीर्षक सक्षम 2020 (संरक्षण क्षमता महोत्सव 2020) एवं ईंधन अधिक न खपाएं, आओ पर्यावरण बचाएं है। रविवार को सक्षम साइकिल डे का आयोजन किया जा रहा है। जो सुबह 7 बजे जीआईसी ग्राउंड से शुरू होकर हरीपर्वत चौराहे पहुंचकर दोबारा जीआईसी ग्राउंड पर पहुंचकर समाप्त होगी।

गेल इंडिया लि। के महाप्रबंधक देवलाल, डीजीएम अमर सिंह, डीजीएम आगरा एलएम दीपक ने बताया कि सक्षम साइकिल डे का उद्देश्य सामाजिक जागरूकता व साइकिल को यातायात के एक प्रभावी साधन के तौर पर लोकप्रिय करना है। इससे स्वास्थ्य एवं पर्यावरण का संरक्षण और धन की खपत को कम किया जा सकता है। इस कार्यक्रम में प्रतिभागी अपनी रुचि के अनुसार दो अलग-अलग कैटेगरी में भाग ले सकते हैं। पहली कैटेगरी ग्रीन राइड होगी। जिसमें भाग लेने वाले प्रतिभागियों को 5 किमी की राइड करनी होगी। वहीं दूसरी कैटेगरी ओपन राइड है। इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागी को 10 किमी की राइड करनी होगी।

होंगे कई फायदे

इस प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य बढ़ते ट्रैफिक समस्या को देखते हुए साइकिल को यातायात के साधन के रूप में प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना है। साइकलिंग से धन की बचत होने के साथ लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर होगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से सुकान्त, उदित नारायण सिंह, शैलेन्द्र सिंह, राजेन्द्र सिंह, भास्कर, मनीष नितिन कुमार गुप्ता, आरके सहगल आदि उपस्थित रहे।