RANCHI: रिम्स में दूर-दराज से मरीज इलाज कराने के लिए आते हैं। वहीं मरीज ठीक होकर भी जाते हैं। लेकिन हॉस्पिटल के किचन में मरीजों की सेहत से खिलवाड़ जारी है। जहां सालों से कबाड़ जमा है पर प्रबंधन ने उसे हटाने को लेकर पहल नहीं की। अब वहां पर कीट-पतंग जमा होने लगे हैं। वहीं कबाड़ होने से गंदगी भी हो रही है। इसके बावजूद पास में ही हजारों मरीजों का खाना बनाया जा रहा है, जिससे की खाने में एकबार फिर कीड़े मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अब सवाल यह उठता है कि क्या किसी हादसे के बाद ही प्रबंधन की नींद खुलेगी?

कई सालों से जमा है कबाड़

किचन में लगातार नई मशीनों की खरीदारी की जा रही है। वहीं जरूरी सामान भी खरीदे गए हैं। ऐसे में पुराने सामानों को पूरी तरह से किनारे कर दिया गया। आज स्थिति यह है कि वहां पर कबाड़ बढ़ता जा रहा है। धीरे-धीरे किचन का एक हिस्सा कबाड़ खाने में तब्दील हो गया है।

पहले भी खाने में मिला था कीड़ा

कुछ महीने पहले रिम्स के खाने में कीड़ा मिला था। जिसके बाद मरीजों के परिजनों ने वार्ड से खाना लौटा दिया था। वहीं एजेंसी ने दोबारा से मरीजों को खाना परोसा था। हालांकि इसके बाद अधिकारियों ने किचन की व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा था। लेकिन समय बीतने के साथ ही यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया। वहीं इंसेक्ट कैचर भी खराब हो गए।