उपद्रवियों ने पुलिस पर बोला हमला, फायरिंग में एक की मौत कई घायल

फिरोजाबाद। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा कर लौट रहे उपद्रवियों ने पुलिस के ऊपर पथराव शुरू कर दिया। पथराव के दौरान फायरिंग भी की गई। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में एक उपद्रवी की गोली लगने से मौत हो गई। कई पुलिसकर्मी घायल हुए है। पुलिस/मीडियाकर्मियों के कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। देर रात तक शहर की स्थिति काबू में थी। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में पुलिसबल तैनात कर दिया है। कमिश्नर, आईजी जोन, डीएम, एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति की अपील की। कैब का विरोध पिछले कई दिनों से हो रहा था। पुलिस प्रशान ने सतर्कता बरतते हुए शुक्रवार को मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में काफी तादात में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया था। डीएम चन्द्रविजय सिंह, एसएसपी सचिन्द्र पटेल कई दिनों से फ्लैग मार्च कर लोगों से शांति की अपील कर रहे थे। अधिकारियों की अपील शुक्रवार दोपहर दो बजे के बाद उस समय बेकार गई, जब थाना दक्षिण क्षेत्र के अन्तर्गत पुलिस चौकी नालबंदान के सामने मस्जिद पर मुस्लिम नमाज अदा कर रहे थे। नमाजियों की संख्या निरंतर बढ़ती गई। वह सड़क पर बैठ नमाज अदा करने लगे। पुलिस प्रशासनिक अधिकारी भी शांति की अपील कर रहे थे। नमाज खत्म होने के बाद उपद्रवियों का एक जत्था निकलकर आया और देखते ही देखते पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। कुछ लोग छतों से पुलिस के ऊपर ईटें फेंक रहे थे। उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी, मीडियाकर्मियों की बाइकें आग के हवाले कर दी। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिसकर्मियों ने भी पथराव किया।

उपद्रवियों पर काबू पाने के लिए की हवाई फायरिंग

उपद्रवियों ने नालबन्द पुलिस चौकी पर हमला बोल दिया। बहा खड़ी बाइकों को आग लगा दी। चौकी का फर्नीचर, कागजात जलकर स्वाहा हो गए। उपद्रवियों की भीड़ ने पथराव के दौरान फायरिग भी की। एसपी सिटी प्रबलप्रताप सिंह, सीओ सिटी डॉ। अरुण कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह, नगर आयुक्त विजय कुमार पुलिस बल के साथ उपद्रवियों से शांति की अपील करते रहे, परंतु वह नहीं माने।

नालबंदान पुलिस चौकी फूंकी

शुक्रवार को हुए बवाल में पथराव फायरिंग के दौरान नालबंदान क्षेत्र में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। करीब आधा दर्जन घायल हो गए। मृतक की पहचान 26 वर्षीय नवीजान पुत्र अयूब के रूप में की गई है। बबाल में इंसपेक्टर फतेहबहादुर सिंह भदौरिया के अलावा कई पुलिस कर्मी पथराव में घायल हुए है। पथराव के दौरान एसपी सिटी घिर गए थे। उन्हें पुलिसकर्मियों ने बचाते हुए अलग कर दिया। एसएसपी सचिन्द्र पटेल के ऊपर गली में पथराव शुरू कर दिया। उन्होंने दीवार के सहारे छिपकर अपने आप को सुरक्षित किया। उनको गनर्स ने उपद्रवियों पर हवाई फायरिंग कर खदेड़ दिया।

योजनाबद्ध तरीके से किया हमला

शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए इंटरनेट सेवा बीती रात से ही बन्द कर दी थी और पुलिस की चौकसी बढ़ा दी थी। उपद्रवियों ने सोची-समझी रणनीति के तहत पुलिस पर हमला किया है। पुलिस की सतर्कता नहीं होती तो उपद्रवी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते थे। जाटवपुरी चौराहे पर भी पुलिस पर पथराव किया गया। पुलिस के जवानों, उपद्रवियों को काफी दूर तक खदेड़ दिया। इस दौरान बाईपास मार्ग से वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया था।

कमिश्नर, आईजी ने किया दौरा

शहर में हुए बवाल की जानकारी मिलते ही आगरा से कमिशनर अनिल कुमार, आईजी आगरा जोन ए। सतीश गणेश मौके पर पहुंच गए। उन्होंने डीएम, एसएसपी, पुलिस बल के साथ क्षेत्र का दौरा करते हुए लोगो से शांति की अपील की। दोनों उच्चाधिकारी देर रात तक थाना रसूलपुर पर कैम्प कर स्थिति पर नजर रखे हुए थे।

आज बंद रहेंगे स्कूल, कॉलेज

डीएम चन्द्रविजय सिंह ने स्थिति को मददेनजर रखते हुए 21 दिसम्बर शनिवार को जनपद के सभी स्कूल, कॉलेज, शिक्षण संस्थान बन्द करने के आदेश दिए हैं।