नई दिल्ली (पीटीआई)बाॅलीवुड के जाने-माने एक्टर ऋषि कपूर का निधन हो गया है। उनके भाई रणधीर कपूर ने कहा दिग्गज अभिनेता की गुरुवार को मुंबई के एक अस्पताल में मृत्यु हो गई है। वह 67 वर्ष के थे। उन्हें बुधवार को उनके परिवार द्वारा एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लगभग एक साल तक अमेरिका में कैंसर का इलाज कराने के बाद ऋषि कपूर पिछले साल सितंबर में भारत लौटे थे। कैंसर से पीड़ित दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं बल्कि राजनीतिक क्षेत्र भी शोक में डूब गया है।

पीएम नरेंद्र मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, बहुआयामी, प्रिय और जीवंत...ये ऋषि कपूर जी थे। वह टैलेंट का पावरहाउस थे। मैं हमेशा सोशल मीडिया पर भी अपनी बातचीत को याद करूंगा। वह फिल्मों और भारत की प्रगति के बारे में जुनूनी थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।

वेंकैया नायडू

देश के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी दिग्गज अभिनेता के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कई ट्वीट किए। एक ट्वीट में कहा कि हिंदी सिनेमा के प्रख्यात कलाकार और वरिष्ठ अभिनेता श्री ऋषि कपूर के असामयिक निधन के दुखद समाचार से स्तब्ध हूं। उन्होंने अपनी बहुमुखी अभिनय प्रतिभा से भारतीय दर्शकों को दशकों तक मंत्रमुग्ध रखा और उन चरित्रों को हमारी स्मृति में अमर कर दिया।

अरविंद केजरीवाल

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, एक्टर ऋषि कपूर के आकस्मिक निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने भारतीयों की कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया। कितना बड़ा नुकसान हुआ है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

स्‍मृति ईरानी

बाॅलीवुड के जाने-माने एक्टर ऋषि कपूर के निधन से केंद्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी भी काफी दुखी हैं। उन्होंने ऋषि कपूर से अपनी आखिरी मुलाकात का जिक्र किया है। उन्‍होंने एक और ट्वीट में कहा कि 'ऋषि सर, स्‍वर्ग को खुशहाल बना देना। हम आपको हमेशा याद करेंगे।

प्रकाश जावड़ेकर

सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपने ट्वीट में कहा, अभिनेता ऋषि कपूर का आकस्मिक निधन चौंकाने वाला है। वह न केवल एक महान अभिनेता थे, बल्कि एक अच्छे इंसान भी थे। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना। ओम शांति।

राहुल गांधी

ऋषि कपूर के निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी दुख जताया है। राहुल गांधी ने कहा, इंडियन सिनेमा के लिए यह एक टेरिबल वीक है, जिसमें एक और लीजेंड्री एक्टर ऋषि कपूर का निधन हो गया है। एक वंडरफुल एक्टर को एक अच्छी फैन फाॅलोंइग के साथ बहुत याद किया जाएगा।

शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार व उनके परिवान ने भी अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर दुख व्यक्त किया। शरद पवार ने ट्वीट किया कि दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। भारतीय फिल्म उद्योग ने एक बहुमुखी और करिश्माई अभिनेता को खो दिया है। कपूर परिवार के प्रति मेरी सच्ची संवेदना।

ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया कि प्रतिष्ठित और बहुमुखी फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर गहरा शोक और दुख हुआ। एक राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता, उन्होंने 150 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने अपनी बीमारी को गरिमा और अनुग्रह के साथ सहन किया। उनके परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों और पूरी फिल्म जगत के प्रति मेरी संवेदना।

National News inextlive from India News Desk