- घर के अंदर मिले चाय के तीन खाली कप

- युवती किसके साथ और क्यों आई थी घर में

Meerut: शास्त्रीनगर में हुए ट्रिपल मर्डर की कहानी नग्न अवस्था में मिली युवती के लाश के इर्द-गिर्द ही घूम रही है। देर रात इसकी शिनाख्त प्रवेश विहार निवासी रिया के रूप में हुई। पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रिया का इस फैमिली के साथ क्या संबंध था। फिलहाल पुलिस मर्डर के पीछे अवैध संबंध का तानाबाना मानकर चल रही है।

सवाल हैं कई

-घर के बेडरूम में युवती नग्न अवस्था में क्यों थी?

-युवती रिया का इस घर से क्या संबंध था?

-ऐसा क्या हुआ था कि तीनों की हत्या कर दी गई?

-एक घर में तीन कत्ल हो गए और किसी ने चीख तक नहीं सुनी?

कौन थे तीन लोग

घर में चाय के तीन कप खाली पड़े हुए थे। इससे पुलिस यह मानकर चल रही है कि घर में पूनम गुप्ता, रिया के अलावा कोई एक और भी था, जो घटना के बाद फरार हो गया और वह पूनम गुप्ता को जानता होगा। यही नहीं कमरे में गेट का ताला भी रखा हुआ था, जिसमें चाबी लगी हुई थी। किसी के आने पर पूनम ने खुद ही गेट का ताला खोला होगा। घटना के समय पूनम गुप्ता ने मैक्सी पहनी हुई थी। लगता है कि वह घर में पहले से ही मौजूद थी, जबकि चंद्रशेखर गुप्ता बाद में पहुंचे थे। उन्होंने घर में कुछ ऐसा मंजर देखा, जिसका विरोध मर्डर का कारण बन गया।

एक से ज्यादा कातिल?

शुरुआती जांच में कई कहानियां उभर कर सामने आ रही हैं। पुलिस का मानना है कि यह काम केवल एक आदमी का नहीं हो सकता। पुलिस ऐसा मानकर चल रही है कि एक से ज्यादा लोग होंगे जिन्होंने तीनों को अपने कब्जे में लेकर हत्या कर दी हो। फिलहाल उनके भाई और बहन के अलावा पुलिस ने उनके बेटे-बेटी को भी घटना की जानकारी दे दी है। तीनों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

भनक तक नहीं लगी

दिनदहाड़े हुई तीन लोगों की हत्या का किसी को कानो कान खबर नहीं लगी। जबकि सेक्टर पांच की वह गली सुनसान नहीं रहती। महज 50 मीटर की दूरी पर ही मंदिर है। वहीं मकान के आसपास दुकानें भी हैं। ऐसे में हर समय लोगों की आवाजाही रहती है। चंद्रशेखर का शव कमरे के बाहर बरामदे में पड़ा मिला। शायद वे जान बचाकर भागे और बदमाशों ने दबोच कर बरामदे में ही कत्ल कर दिया। घर में तीन लोगों का कत्ल हो जाता है और किसी ने उनकी चीख-पुकार नहीं सुनी। जबकि घर के सभी दरवाजे समेत मेन गेट भी खुला हुआ था।

देखने वालों का लगा तांता

जिसने भी इस ट्रिपल मर्डर के बारे में सुना वह इस घटना के बारे में जानने के लिए खुद को रोक नहीं पाया। चंद्रशेखर गुप्ता के घर के बाहर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई थी। यही नहीं भाजपा समेत कई और पार्टी के नेता मौका वारदात पर पहुंच गए थे। घटना स्थल पर पहुंचने वालों में सांसद राजेंद्र अग्रवाल, लक्ष्मीकांत बाजपेयी, विनीत शारदा समेत कई नेता रहे।

अभी मर्डर के पीछे का मोटिव पर कुछ कह नहीं सकते। जांच का विषय है। अज्ञात युवती के बारे में पता चल जाए तभी कुछ कहानी साफ होगी। पुलिस जांच में जुट गई है।

- जे रविंदर गौड़, एसएसपी