बिहार विधानसभा के आने वाले चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लडऩे के लिए राजद रजामंद हो गई है। विधानसभा व विधान परिषद के स्थानीय निकाय क्षेत्र की 24 सीटों पर भी राजद-जदयू गठबंधन का चुनाव लडऩा तय है। दोनों दलों के बीच चल रहे घमासान का दो-चार दिनों में पटाक्षेप हो जाएगा। इसकी आधिकारिक घोषणा मात्र शेष है।

सीटों पर हुआ फैसला

 सीटों को लेकर भी सहमति बन गई है। राजद व जदयू दोनों विधानसभा की सौ-सौ सीटों पर लड़ेंगे, शेष 43 सीटें कांग्रेस व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के लिए छोड़ दी गई हैं। आपस में बैठने पर क्षेत्रवार बात होगी। गठबंधन को लेकर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बीच गुरुवार को फोन पर बात हुई। इससे पूर्व विधान पार्षद भोला यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर बिंदुवार वार्ता कर गठबंधन की जमीन तैयार कर ली थी। इसके आधार पर गाड़ी तेजी से आगे बढ़ी है। लालू पर अपनी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं का भी दबाव है कि सांप्रदायिक शक्तियों के लिए कोई भी कुर्बानी देने की मात्र बात ही नहीं की जाए, बल्कि आचरण व व्यवहार भी हो ताकि लोगों को एहसास कराया जाए कि हम लोगों में अहंकार नहीं है। लालू ने जमीनी हकीकत को महसूस किया है। यह कहना भी शुरू किया है कि नीतीश कुमार को राजद का समर्थन है। लालू नहीं चाहते हैं कि भाजपा लोगों के बीच भ्रम फैलाए।

राजनीतिक प्रेक्षकों का मानना है कि भाजपा की चुनावी तैयारी को लेकर दोनों दलों की ओर से मात्र लक्ष्य तक पहुंचने की कवायद है। लक्ष्य भाजपा को शिकस्त देना है। इसके लिए सीटों की संख्या से लेकर छोटी-छोटी बातों को मुद्दा बनाने के बजाय चुनाव जीतने की रणनीति तैयार करनी है।

गठबंधन तो होगा: शरद

राजद-जदयू नेताओं के बीच जारी जुबानी जंग के बीच जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद शरद यादव ने गुरुवार को कहा कि दोनों दलों के बीच विलय नहीं तो गठबंधन जरूर होगा। शरद ने कहा कि जो लोग इसके खिलाफ बयान दे रहे हैं वे देश व बिहार को नुकसान पहुंचा रहे हैं। जबकि बिहार का आगामी चुनाव ही देश का भविष्य तय करेगा। पत्रकारों से बातचीत में शरद ने कहा कि बिहार में सत्ता पाने के लिए भाजपा वोटों का बिखराव चाहती है। इसके लिए कुछ लोग भाजपा के पैसे पर भ्रम फैलाने में लगे हैं। यादव ने कहा कि अब जनता परिवार एक होगा इसके लिए हर किसी को कुर्बानी देनी होगी।

गांठ बांधने में लगता है समय: लालू

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा है कि जिस तरह गांठ बांधने में समय लगता है, उसी तरह राजद-जदयू का राजनीतिक गठबंधन होने में समय लग रहा है। लालू प्रसाद गुरुवार को पांच बार अररिया लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके सुखदेव पासवान के यहां एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।

Hindi News from India News Desk

National News inextlive from India News Desk