RANCHI: अगर आपके घर से भी कचरा जेनरेट होता है तो इसकी सफाई करने के साथ ही नगर निगम अब आपकी जेब की भी सफाई करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत कचरा उठाने के लिए आपको वेस्ट यूजर चार्ज देना होगा। इतना ही नहीं, एजेंसी तीन साल का वेस्ट यूजर चार्ज एक बार में मांग रही है। इससे सिटी के लोगों की जेब पर भी बोझ बढ़ने वाला है। बताते चलें कि रांची नगर निगम परिषद की बैठक में वेस्ट यूजर चार्ज वसूलने को लेकर सहमति बनी थी। इसके बाद से एजेंसी को वेस्ट यूजर चार्ज वसूलने का काम दे दिया गया है।

1.84 लाख हाउस होल्ड

रांची नगर निगम क्षेत्र में 53 वार्ड हैं, जिसमें 1.84 लाख हाउस होल्ड रजिस्टर्ड हैं। इसमें घर, दुकान, मार्केटिंग कांप्लेक्स, स्कूल, आर्गनाइजेशन शामिल हैं। अब नगर निगम द्वारा सेलेक्ट की गई एजेंसी इन सभी से तय किया गया वेस्ट यूजर चार्ज वसूलेगी। वहीं टैक्स पर पेनाल्टी भी लगाई जाएगी। इन सबके बीच चौंकने वाली बात यह है कि एजेंसी को काम दिए जाने के बाद भी महीनों तक एजेंसी के लोग टैक्स वसूलने नहीं आए।

आपसी विवाद में पब्लिक को नुकसान

नगर निगम डोर टू डोर कलेक्शन पिछले कई सालों से करता आ रहा है। इस बीच नगर निगम ने दो बार एजेंसी को भी वेस्ट कलेक्शन का काम दिया। बीच में ही एजेंसी ने वेस्ट कलेक्शन का काम बंद किया। इस चक्कर में कई बार काम प्रभावित हुआ। इससे लोगों के घरों में कचरा पड़ा रहा पर इस ओर कभी नगर निगम ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। दोनों के बीच विवाद चलता रहा है। अब कचरा उठे या न उठे एजेंसी वेस्ट यूजर चार्ज वसूलने को तैयार है।

घर-घर जाकर टैक्स वसूलने की तैयारी

सिटी से 550 मीट्रिक टन कचरा हर दिन निकलता है, जिसका उठाव शायद ही नगर निगम पूरी तरह से कर पाता है। अब वेस्ट यूजर चार्ज कलेक्शन का काम रितिका एजेंसी को दिया गया है। ये लोग घर-घर जाकर वेस्ट यूजर चार्ज वसूलेंगे। इसके बदले में एजेंसी को कमीशन दिया जाएगा। इस चक्कर में एजेंसी ने भी अपनी ओर से पूरी तैयारी कर रखी है ताकि वो अपना टारगेट समय पर पूरा कर सके।

वार्डो में अप्रैल-2019 से ही लगेगा टैक्स

आरएमएसडब्ल्यू एजेंसी को नगर निगम ने काम से हटा दिया है। लेकिन शुरुआत में एजेंसी 20 वार्डो में ही काम कर रही थी। बाद में उसे 33 वार्डो में काम करने का जिम्मा मिला। फिर विवादों के बीच एजेंसी को सभी वार्डो में काम करने का आदेश दिया गया। ऐसे में अब सभी वार्डो के लिए अप्रैल 2019 से ही वेस्ट यूजर चार्ज वसूलने को कहा गया है। लेकिन एजेंसी हाउस होल्डर से बकाया टैक्स मांग रही है।

टीसी ने 2017 से मांगा चार्ज

रितिकिा एजेंसी के नाम पर टैक्स कलेक्शन के लिए लोग बरियातू हाउसिंग में एसके शर्मा के यहां पहुंचे, जहां टैक्स कलेक्टर ने मालिक से 2017 से वेस्ट यूजर चार्ज देने को कहा। इस पर उन्होंने आपत्ति जताई और बाद में आने को कहा।

वर्जन

बोर्ड ने यह निर्णय लिया है कि अप्रैल 2019 से ही वेस्ट यूजर चार्ज वसूला जाएगा। अगर वे लोग तीन साल से यूजर चार्ज मांग रहे हैं तो गलत है। ऐसे में लोग उनसे इलेक्ट्रानिक रसीद की मांग करें। इसके बाद भी अगर वे एक्सट्रा चार्ज की मांग करते हैं तो उन्हें ट्रेस किया जाएगा।

मनोज कुमार, नगर आयुक्त, आरएमसी