छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: सरायकेला-चाईबासा रोड पर शनिवार की सुबह रोड एक्सीडेंट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग जख्मी हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने रोड जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर गाडि़यों की लंबी लाइन लग गई। करीब ढाई किलोमीटर लंबा जाम लगा। तीन घंटे बाद इस सड़क पर आवाजाही सामान्य हुई।

भारी वाहन ने ट्रैक्टर को मारा धक्का

जानकारी के अनुसार मजदूरों से भरे ट्रैक्टर को एक भारी वाहन ने धक्का मार दिया। इससे ट्रैक्टर पर सवार एक मजदूर नीचे गिर पड़ा और उसे आ रहे एक दूसरे ट्रक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक और दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना छोटा टांगरानी मोड़ के पास हुआ। मृतक मजदूर की पहचान काला नायक (50 वर्ष) के रूप में हुई। घायल ट्रैक्टर चालक का नाम रामू हेम्ब्रम है, जबकि घायल मजदूरों के नाम विशाल और सुमित बताए गए हैं।

मुआवजे की मांग

सुबह करीब सात बजे हुई दुघर्टना के बाद नाराज लोग सड़क पर उतर गए। वे मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये मुआवजा और बच्चों की मुफ्त पढ़ाई की व्यवस्था की मांग कर रहे थे। सड़क पर दोनों तरफ करीब तीन किलो मीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर सरायकेला थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय पहुंचे और लोगों को समझाने लगे। नहीं मानने पर सीओ गीतांजललि कुमारी पहुंचीं और विधवा पेंशन 20 हजार रुपये और दुर्घटना पर मिलनेवाली सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिलाकर जाम हटवाया। हालांकि, कुछ देर बाद फिर लोगों ने रोड जाम कर दिया।

तीन घंटे बाद यातायात सामान्य

फिर लोगों को समझाने की पहल शुरू हुई। झामुमो के सरायकेला प्रखंड अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने क्त्रियाकर्म के लिए पांच हजार रुपये नगद दिए। थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने आठ हजार रुपये दिए। तब ग्रामीण मान गए। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ।