यह था मामला
शनिवार को वाराणसी में डिप्टी जेलर अनिल त्यागी पुत्र राजेंद्र सिंह त्यागी की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अनिल कुमार हाल में नेहरू नगर गली नंबर एक में परिवार के साथ रह रहे थे। मूल रूप से वे बड़ा गांव के रहने वाले थे और वाराणसी के जिला कारागार में तैनात थे। बदमाशों ने इतनी गोली मारी थीं कि उनको बचने का मौका ही नहीं दिया था। कत्ल करने वाले शार्प शूटर थे। फिलहाल इस मामले में पूरा अमला छानबीन में लग गया है। इधर न्याय की गुहार लगाते हुए परिवार वालों ने सड़क जाम की।

जाम का सीन
रविवार को सुबह करीब ग्यारह बजे सैकड़ों लोग आम्रपाली के सामने गढ़ रोड पर इकट्ठा हो गए थे, जहां लोगों ने सड़क को दोनों ओर से बंद कर दिया और सड़क पर बैठ गए। मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस का कड़ा प्रबंध किया गया था। पीएसी और कई थानों की पुलिस मौजूद थी। एक ओर सीएम का आगमन था तो दूसरी और यह जाम था। पुलिस और प्रशासन का गला सूखा हुआ था। कहीं भीड़ भड़क ना जाए।

मांगे मानीं
प्रशासनिक अधिकारियों ने अनिल त्यागी के पिता राजेंद्र सिंह त्यागी को सीएम से मिलने की अनुमति दी। वे पुलिस की गाड़ी में बैठकर परतापुर पहुंचे। सीएम ने मिल में उद्घाटन के बाद हवाई पट्टी पर लोगों से मिलने का समय दिया, जहां अनिल त्यागी के पिता और उनके साथ गए लोग सीएम से मिले। उनके सामने अपनी मांगे रखीं। जिसमें सीएम ने मुआवजे और नौकरी की मांगें मान लीं। इसके साथ ही वाराणसी से करीब सवा दो बजे अनिल की बॉडी भी पहुंच गई।

खोला जाम
मांग पत्र में अनिल त्यागी को शहीद का दर्जा देते हुए राजकीय सम्मान की मांग रखी, दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, अनिल की पत्नी को योग्यता के अनुसार उसी कैडर में नौकरी दी जाए, परिवार की रक्षा की जाए, परिवार को तुरंत मुआवजा और बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था की मांगे शामिल रहीं। सीएम अखिलेश यादव ने इनकी मांगें मान लीं और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

हुआ अंतिम संस्कार
बॉडी के आने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां की गईं। इस दौरान भाजपा नेता लक्ष्मीकांत वाजपेयी, विनित शारदा और त्यागी कल्याण समिति की ओर से राधेश्याम त्यागी, नत्थू सिंह त्यागी, महेंद्र सिंह त्यागी, राकेश त्यागी, विनोद त्यागी, मनोज त्यागी, ललित त्यागी, देवराज त्यागी, सुरेशचंद त्यागी, अनिल कुमार त्यागी, फतेह सिंह त्यागी व नरेंद्र सिंह त्यागी सहित कई नेता मौजूद रहे। शाम को सूरजकुंड पर अनिल त्यागी के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार दिया गया.