- दिल्ली रूट पर लगाई गई 20 अतिरिक्त बसें

-अन्य रूट पर भी जरूरत के हिसाब से बढ़ाए फेरे

Meerut: रक्षाबंधन पर बहनों के लिए रोडवेज ने सभी इंतजाम कर लिए हैं। दिल्ली व बिजनौर रूट पर अतिरिक्त बसें लगाई हैं। जबकि अन्य रूट्स पर जरूरत के हिसाब से बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। साथ ही इस बार कर्मचारियों सहित एआरएम स्तर के अधिकारियों की छुट्टी कैंसिल कर दी गई हैं। सभी अधिकारी देर रात डिपो में जरूरत के हिसाब से बसों की व्यवस्था कर रहे हैं।

दिल्ली व बिजनौर रूट पर रस

अधिकारियों का मानना है कि दिल्ली व बिजनौर रूट पर सबसे अधिक रस रहता है। इसलिए दिल्ली रूट पर बुधवार को 20 अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। साथ बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। साथ ही बिजनौर रूट पर 12 अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत के हिसाब से बसें और बढ़ा दी जाएंगी।

हर 10 मिनट में सर्विस

17 और 18 अगस्त को दिल्ली और मवाना रूट पर हर 10 मिनट में सर्विस देने का प्लान बनाया गया है। दिल्ली रूट पर अभी 100 से ज्यादा बसें चलती हैं। साथ ही मवाना रूट पर लगभग 49 बसें चलती हैं। जिसके चक्कर जरूरत के हिसाब से बढ़ा दिए जाएंगे।

अधिकारियों की छुट्टी कैंसल

शासनादेश के अनुसार रक्षाबंधन पर बहनों को बसों की किल्लत से न जूझना पड़े। इसलिए इस बार कर्मचारियों के साथ अधिकारियों की भी छुट्टी कैंसिल कर दी गई है। एआरएम स्तर के अधिकारी रात 10 बजे तक डिपो में रहकर जरूरी रूट पर अतिरिक्त बसें और बसों के फेरे बढ़वाने की व्यवस्था स्वंय देखेंगे।

वर्जन

रक्षाबंधन पर बहने भाईयों के राखी बांधने के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाती हैं। इसके लिए विभाग ने कुछ रूट्स पर अतिरिक्त बसें लगाई हैं। जबकि जरूरत के हिसाब से बसों के फेरे भी बढ़ाए हैं

-आरके वर्मा, एआरएम भैंसाली डीपो