- बंधनमुक्त होने के बाद कर्मचारियों ने पेट्रोल पंप मालिक को दी सूचना

- सूचना पर पहुंचे सीओ व इंस्पेक्टर ली घटना की जानकारी

दौराला : हाईवे स्थित कनौड़ा गांव के सामने बुधवार को दिन निकलते ही बाइक सवार चार बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप पर तीन कर्मचारियों को बंधक बनाकर हजारों रुपए लूट लिए। बदमाश तीनों को जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। सूचना पर पुलिस में खलबली मच गई। आनन फानन में पुलिस ने चे¨कग अभियान चलाया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।

नकाबपोश थे बदमाश

खतौली निवासी दिनेश वर्मा का कनौड़ा गांव के पास एचपी पेट्रोल पंप है। पंप पर गंगानगर निवासी जसवीर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। पेट्रोल पंप पर कर्मचारी अरनावली गांव निवासी दीपक, सरधना निवासी र¨वद्र, बुलंदशहर निवासी विवेक कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। बुधवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे विवेक एक वाहन में पेट्रोल डाल रहा था, दीपक कमरे में बैठा था और र¨वद्र सफाई कर रहा था। इसी बीच डिस्कवर बाइक पर मुंह को कपड़े से लपेटे हुए चार बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने कमरे में जाकर दीपक को पिस्टल के बल पर बंधक बना लिया। बाकी बचे दोनों कर्मचारियों को भी बदमाश पिस्टल के बल पर कमरे में ले गए।

जान से मारने की धमकी

कर्मचारियों ने बताया कि मंगलवार को इकट्ठा हुआ कलेक्श्न लगभग 80 हजार रुपए था और बुधवार सुबह का लगभग पांच हजार रुपए कलेक्शन बैग में रखा हुआ था। बदमाशों ने कमरे में रखा बैग लूट लिया। बदमाशों ने विवेक से 1500 रुपए लूट लिए। बदमाश तीनों को जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। बदमाशों के चले जाने के बाद कर्मचारियों ने मालिक दिनेश वर्मा को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस में खलबली मच गई। आनन फानन में मौके पर सीओ विनीत भटनागर व इंस्पेक्टर दौराला जनक सिंह पुंडीर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

साथ ले गए इंटरनेट बाक्स

घटना को अंजाम देने के बाद पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी देख बदमाशों ने मैनेजर के कमरे का ताला तोड़ा। कर्मचारी दीपक ने बताया कि बदमाश सीसीटीवी के लिए लगाया गया बाक्स ले जाने की फिराक में थे, परंतु वह भूल से इंटरनेट के लिए लगाया गया बाक्स ले गए।

बंद थे सीसीटीवी

लूट की घटना के दौरान सीसीटीवी बंद थे। यदि कैमरे खुले होते तो बदमाशों की फुटेज कैद हो जाती। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस को जब कैमरे बंद होने की जानकारी मिली तो उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाई और कहा यदि कैमरे खुले होते तो बदमाशों की पहचान की जा सकती थी।

बदमाशों को थी कैश की जानकारी

कनौड़ा गांव के पास एचपी के पेट्रोल पंप पर हुई हजारों रुपए की लूट को अंजाम देने वाले बदमाशों को पंप पर कैश रखे होने की सटीक सूचना थी। बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचते ही सबसे पहले उस कमरे में घुसे, जिसमें कैश रखा हुआ था। पेट्रोल पंप पर प्रतिदिन कैश बैंक में जमा करा दिया जाता है, परंतु मंगलवार को कैश जमा नहीं कराया गया। बदमाश को इस बात की जानकारी थी कि पेट्रोल पंप पर कैश रखा हुआ है। सुबह-सुबह पंप पर इतना कलेक्शन नहीं हो पाता। पूरी तैयारी से आए बदमाशों ने तीनों कर्मचारियों को बंधक बनाकर कैश लूट लिया।