- गोरखपुर के आउटर एरिया में तय किया अगला टारगेट

- साथियों को नहीं रहती जानकारी, काम खत्म कर फरार

GORAKHPUR:

गोरखपुर एसटीएफ यूनिट और बस्ती पुलिस के एनकाउंटर में मारा गया फिरोज पठान उर्फ इरफान उर्फ हीरू डकैती के बाद फ्लाईट से फरार हो जाता था। डाका डालने के लिए वह एयरप्लेन से गोरखपुर पहुंचा था। लोकल साथियों ने उसे असलहे और बाइक मुहैया कराए थे। यह जानकारी सामने आने के बाद एसटीएफ ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। बस्ती के एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि फिरोज के सात साथियों को पुलिस टीम ने शनिवार को अरेस्ट किया था। सोमवार सुबह उसकी लोकेशन मिलने पर पुलिस ने पीछा किया तो उसने गोली दाग दी। एनकाउंटर में एसटीएफ के कांस्टेबल इमरान खान भी घायल हुए हैं।

पीछा करने पर दागी गोली

गोरखपुर मंडल के फरेंदा और बस्ती में डकैतों के गिरोह ने दिनदहाड़े बैंक से नकदी लूट ली थी। पूर्वाचल के कई अन्य जगहों पर हुई बैंक डकैती में शामिल शातिरों की तलाश क्राइम ब्रांच, जिलों की पुलिस, एसटीएफ सहित कई टीमें कर रही थीं। सोमवार सुबह करीब पांच बजे एसटीएफ गोरखपुर यूनिट को बस्ती रोडवेज के पास मुख्बिर से सूचना मिली। बताया गया कि बैंक डकैतों का सरगना फिरोज पठान महादेवा बाजार होते हुए अंबेडकर नगर जाएगा। वहां पर किसी बैंक में डकैती की योजना है। एसटीएफ ने पुलिस टीम के साथ मिलकर बाइक सवार दो बदमाशों का पीछा कर लिया। लालगंज- सोहिला रोड पर मुड़ते ही उसने अपने पास मौजूद असलहों से गोली दागनी शुरू कर दी। पुलिस की गोली लगने पर बाइक बेकाबू हो गई जिससे पीछे बैठा व्यक्ति गिर गया। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तब उसकी पहचान फिरोज पठान उर्फ इरफान उर्फ हीरू के रूप में हुई।

मुंबई में रहकर पूर्वाचल में खड़ा किया नेटवर्क

प्रयागराज, धूमनगंज के मुंडेरा का रहने वाला फिरोज मुंबई, मीरारोड, भयंदर के किंजा सोसाइटी, फ्लैट नंबर चार शांति नगर में रहता था। डकैती के लिए उसने पूर्वाचल में नया गैंग खड़ा किया था। मुंबई कमाने गए युवकों को अपने साथ मिलाकर उसने बैंक और ग्राहक सेवा केंद्रों में डकैती का गैंग तैयार किया। चोरी, लूट की बाइक से बैंक में पहुंचकर वह लूटपाट करता था। फिर आराम से फ्लाईट और ट्रेन के जरिए मुंबई फरार हो जाता था। उसके पास से एक कार्बाइन, पिस्टल, तमंचा और बैग बरामद हुआ। फिरोज के खिलाफ बस्ती कोतवाली, महराजगंज के फरेंदा, कौशांबी के चरवा और सराय अकील में मुकदमे दर्ज थे। सभी मामले 2019 में दर्ज कराए थे।

साथियों ने बताया, गोरखपुर था अगला टारगेट

शनिवार को बस्ती पुलिस और एसटीएफ गोरखपुर यूनिट ने बैंक डकैती में शामिल फिरोज के सात साथियों को मुठभेडृ में अरेस्ट किया था। इस दौरान पुलिस की गोली से दो बदमाश घायल हुए थे। पूछताछ में पता लगा कि साथियों की मदद से फिरोज पठान गोरखपुर के आउटर एरिया में बैंक डकैती को टारगेट कर रहा था। रेकी कर बैंक फिक्स करने के गैंग के सदस्यों पर शिकंजा कस गया।

गोरखपुर एसटीएफ यूनिट और बस्ती पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान मुठाभेड़ में उसे गोली लगी। उसके हमले में एक कांस्टेबल भी घायल हुए। फिरोज के खिलाफ डेढ़ लाख रुपए का इनाम घोषित था।

हेमराज मीणा, एसपी बस्ती