- पीपीगंज में पुलिस ने दो को दबोचा, चार घटनाओं का खुलासा

- रात में प्रधान के घोड़े पर सवार हो करते थे लूटपाट

- चिलुआताल, पिपराइच, पीपीगंज में था खौफ

GORAKHPUR: पीपीगंज एरिया में लुटेरों का ऐसा गैंग पुलिस की गिरफ्त में आया है जो घोड़े पर सवार होकर घटना को अंजाम देता था। आधी रात के बाद एरियाज में निकलने वाले यह बदमाश किसी भी राहगीर को लूट लेते थे। पकड़े गए दो बदमाशों से पूछताछ के बाद चार घटनाओं का खुलासा हुआ है। उनके पास से लूट का सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस का प्रयास, हुए अरेस्ट

एसएसपी रामलाल वर्मा ने बुधवार को पुलिस लाइंस में घटना का खुलासा किया। बताया कि पीपीगंज, पिपराइच आदि एरियाज में कुछ दिनों से लुटेरों का गैंग सक्रिय था जो रात में राहगीरों से लूटपाट करता था। वारदात के समय लुटेरे घोड़ा भी साथ रखते थे। एसपीआरए ब्रजेश सिंह के निर्देश पर पीपीगंज और क्राइम ब्रांच पुलिस काम कर रही थी। सीआइयू प्रभारी अनिल उपाध्याय को मंगलवार की दोपहर सूचना मिली कि तीन युवक बाइक बेचने पीपीगंज के समयमाता मंदिर पर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने धरपकड़ की कोशिश की तो एक युवक बाइक लेकर फरार हो गया। जबकि दो युवकों को पुलिस ने बाइक के साथ अरेस्ट कर लिया। उन्होंने बताया कि बाइक चोरी की है। उनकी पहचान अभिषेक साहनी निवासी हमीनपुर चिलुआताल और व्यासमुनि निषाद निवासी नवापार चिलुआताल के रूप में हुई। एसएसपी ने बदमाशों को पकड़ने वाली टीम को पांच हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।

घोड़ा गैंग के नाम से थे मशहूर

अरेस्ट किए गए आरोपियों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने से पहले वह प्रधान के घर पर बंधे घोड़े को रात में खोल लेते थे। घोड़ा दौड़ाने में एक्सपर्ट अभिषेक उसकी सवारी करता था। रात में किसी से भी लूटपाट करने के बाद वह रात को ही घोड़ा दोबारा बांधकर चले जाते थे। पुलिस के पूछने पर प्रधान ने बताया कि उन्हें आज तक पता नहीं चल पाया कि रात में उनका घोड़ा खोल लिया जाता था।

जेल से छुटकर गए थे मुंबई

वहीं, पकड़े गए बदमाशों से पता चला है कि गैंग के तीनों सदस्य एक साथ अपराध को अंजाम देते थे। अभिषेक और व्यासमुनि ने फरार हुए तीसरे साथी का भी नाम पुलिस को बताया है। बदमाशों पर जितने केस दर्ज हैं। उन सभी में वह एक साथ शामिल रहे हैं। घोड़ा गैंग को पुलिस पहले भी अरेस्ट कर चुकी है। चिलुआताल में हुई लूट के मामले में पकड़े जाने के बाद ये जेल गए थे। करीब दो माह पूर्व यह जेल से छूटे थे। इसके बाद मुंबई चले गए। वहां से लौटकर आने के बाद ताबड़तोड़ घटनाओं को अंजाम दिया था।

ये हुआ बरामद

- एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस

- तीन हजार रुपए नकद

- लूट की दो बाइक

- सोने की चेन, मोबाइल फोन

इनका हुआ खुलासा

- पीपीगंज में युवक से मोबाइल, चेन, नकदी की लूट

- कैंपियरगंज के पास युवक से चार हजार लूटे

- सहजनवां के गीडा में महिला से चेन स्नेचिंग

- पिपराइच के छितौनी में युवक से बाइक लूट