-फोरलेन बाईपास अचेत हाल मिला युवक

-एक को इमरजेंसी गेट पर छोड़कर भागे

GORAKHPUR: परदेस से लौट रहे युवक जहरखुराने के निशाने पर हैं। शुक्रवार को बदमाशों ने दो युवकों को लूट लिया। उनको सड़क पर फेंककर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह खोराबार एरिया के फोरलेन बाईपास पर युवक अचेत हाल मिला। उधर, दोपहर में कुछ लोग एक युवक को जिला अस्पताल की इमरजेंसी पर छोड़कर फरार हो गए। होश में आने पर युवकों ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर टैक्सी में बैठाने वाले लोगों ने उनको लूट लिया है। दोनों रात में अलग- अलग जगहों से कमाकर लौट रहे थे।

रात में टैक्सी पकड़कर जा रहा था घर

शुक्रवार सुबह फोरलेन पर लोग टहलने गए थे। तभी लोगों ने अचेत हाल युवक को देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो युवक का उपचार कराया गया। होश में आने पर युवक की पहचान कुशीनगर जिले के पटहेरवा, मझौवा निवासी नीतीश के रूप में हुई। उसने पुलिस को बताया कि वह रायपुर-छत्तीसगढ़ में रहकर कमाता है। गुरुवार रात वह ट्रेन से उतरा। रेलवे स्टेशन पर प्राइवेट टैक्सी वालों ने उसे गाड़ी में बैठा लिया। घर छोड़ने के बहाने उसे जंगल में लेकर पहुंचे। कोई चीज सुघाकर उसे अचेत कर दिया। सामान लूटकर फोरलेन किनारे फेंककर फरार हो गए। उसके पास से बदमाश 10 हजार रुपए नकद, दो मोबाइल और बैग में भरा सामान लेकर बदमाश फरार हो गए थे।

मोबाइल पर दी परिजनों को जानकारी

शुक्रवार को कुछ लोग अचेत हाल युवक को इमरजेंसी के सामने छोड़कर फरार हो गए। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे एडमिट करके उपचार शुरू कर दिया। हालत में सुधार होने पर युवक ने बताया कि वह कुशीनगर जिले के हाटा, जोकवा गांव राहुल है। वह मुंबई से कमाकर लौट रहा था। गुरुवार रात वह छावनी स्टेशन पर ट्रेन से उतर गया। उसने अपने भाई को फोन कर गोरखपुर पहुंचने की जानकारी दी। गांव जाने के लिए उसने एक टैक्सी पकड़ ली। टैक्सी सवार लोगों ने उसे अचेत कर लूट लिया। होश में आने पर उसने खुद को अस्पताल में पाया। अस्पताल कर्मचारियों ने युवक के परिजनों को सूचना दे दी है। राहुल का मोबाइल अचानक बंद होने से परिजन परेशान हो गए थे।