कंकरखेड़ा में बदमाशों का आतंक

महिलाओं से आएदिन हो रहीं है लूटपाट

पुलिस के खिलाफ व्यापारियों में रोष

कंकरखेड़ा। कंकरखेड़ा में बदमाशों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि दिनदहाड़े लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। बुधवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने घर जा रही महिला से पुलिस चौकी के पास शिवलोकपुरी में चेन लूट ली। जब महिला ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने तमंचा तान दिया। उसके बाद बाइक से फरार हो गए।

यह है घटना

शिवलोकपुरी निवासी राकेश की पत्‍‌नी भावना बुधवार की दोपहर बाजार से घर जा रही थी। उसी दौरान पुलिस चौकी के सामने बाइक सवार बदमाशों ने महिला को तमंचे से आंतकित कर सोने की चेन लूट ली। जब भावना ने बदमाशों का विरोध किया तो उन्होंने गोली मारने की धमकी दी। उसके बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए।

बदमाशों का क्षेत्र में तांडव

कंकरखेड़ा क्षेत्र में बदमाश पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। कोई दिन ऐसा नहीं है जब क्षेत्र में लूटपाट व चोरी का मामला प्रकाश में नहीं आ रहा हो। गुरुवार को भी बदमाशों ने खड़ौली में कौशल्या से दिनदहाड़े सोने की चेन लूट ली थी। उसी दिन गांव सिंधावली में चोरों ने मंदिर से चोरी कर ली थी, जिसके विरोध में ग्रामीणों ने थाने में हंगामा भी किया था। बुधवार को बदमाशों ने उसी क्रम जारी रखते हुए कंकरखेड़ा कस्बा पुलिस चौकी के सामने शिवलोकपुरी से एक महिला से चेन लूट ली।

व्यापारियों में घटनाओं से रोष

कंकरखेड़ा क्षेत्र में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। क्षेत्र में स्कूल की छुट्टी और खुलने के समय छात्राओं से मनचले छेड़छाड़ करते हैं। व्यापारी नेता गौरव शर्मा ने बताया कि स्कूल खुलने और छुट्टी के दौरान पुलिस को सख्ती करनी चाहिए। जो मनचले युवक बाजार में घूम रहे हों, उन्हें पकड़ना चाहिए। वहीं भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विनय विरालिया ने बताया कि कुछ समय से क्षेत्र में बदमाश और असमाजिक तत्वों ने माहौल खराब कर दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को बदमाशों को जल्द पकड़ना चाहिए। छोटा बाजार व्यापार संघ अध्यक्ष अंकित गुप्ता ने बताया कि बदमाश महिलाओं के साथ पुरुषों को भी अपना टारगेट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।