वाराणसी से कानपुर के लिए चली थी एसी जनरथ बस, मृतक का कंडक्टर

सिविल लाइंस डिपो में प्रयागराज में हुआ निधन, अफसर सकते में

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: घर से निकला होगा तो घर वालों से कुछ कमिट करके आया होगा। फैमिली मेम्बर्स को भी तमाम उम्मींदें थीं। खुद भी अपनी जिम्मेदारियों से वाकिब रहा होगा। तभी तो तबियत नासाज होने के बाद भी बस लेकर डिपो से निकला। कानपुर से वाराणसी तक यात्रा करने वाले पैसेंजर्स को सुरक्षित उनके ठिकाने तक छोड़ा। घर भी लौटना था तो वाराणसी में ज्यादा रेस्ट लेने के स्थान पर सवारियां बैठाकर लौटने पर ध्यान केन्द्रित किया और निकल भी पड़ा। सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उसके रास्ते में मौत रोड़ा बनकर खड़ी हो जाने वाली है। चंद मिनटों के भीतर हुए घटनाक्रम ने रोडवेज प्रशासन के साथ बस के यात्रियों को भी सन्नाटे में ला दिया।

बिंदकी का रहने वाला था मूलरूप से

यह घटना मूलरूप से बिंदकी कानपुर के रहने वाले आबिद अली के साथ हुई। उम्र करीब 50 साल थी। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में वह कंडक्टर के पोस्ट पर तैनात था। वर्तमान समय में वह कानपुर से वाराणसी के बीच चलने वाली किदवईनगर डिपो की बस में परिचालक के तौर पर तैनात था। गुरुवार को वह वाराणसी से कानपुर के निकला था। बस को रज्जन भारद्वाज नामक चालक ड्राइव कर रहा था। बताया जाता है कि आबिद को पहले से हार्ट की कुछ प्राब्लम थी। इसका इलाज भी चल रहा था। चालक रज्जन ने पुलिस को जो बताया उसके मुताबिक आबिद ने सीने में दर्द की शिकायत की थी। रास्ते में दर्द ज्यादा हुआ तो उसने एक डॉक्टर को भी दिखाया। इसके बाद तय किया कि बस को लेकर कानपुर चला जाय, वहीं डॉक्टर को दिखाया जाएगा।

सीट पर लेटा तो उठ नहीं सका

दोपहर एक बजे के आसपास बस प्रयागराज के सिविल लाइंस डिपो पहुंची थी। यहां एक बार फिर आबिद को दर्द महसूस हुआ तो सीट पर लेट गया। चंद मिनट के बाद रज्जन का ध्यान उस पर गया तो उसे लगा कि शायद नींद आ गयी होगी। पैसेंजर्स ने बस कब चलेगी? पूछना शुरू कर दिया तो रज्जन ने आबिद को जगाने की कोशिश की। उसकी बॉडी को टॅच करते हुए रज्जन को एहसास हो गया कि कुछ अनहोनी हो गयी है। वह सन्नाटे में आ गया। तत्काल उसने इसकी सूचना स्टेशन इंचार्ज और एआरएम को दी। इसके बाद डॉक्टर से चेक कराने पर पता चला कि वह दुनिया को अलविदा कह चुका है। यह जानकर पैसेंजर्स सकते में आ गये। इसके बाद पैसेंजर्स को दूसरी बस से कानपुर के लिए रवाना किया गया और पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया।

एआरएम ने दी परिजनो को सूचना

एआरएम मनोज कुमार शर्मा ने मृत कंडक्टर के परिजनों को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक रज्जन से घटना की जानकारी ली और उसका बयान दर्ज किया। समाचार लिखे जाने के समय तक मृतक के परिवार का डिटेल नहीं मिल सका था।

घटना दोपहर एक बजे के लगभग की है। मृतक किदवई नगर डिपो की जनरथ बस का परिचालक था। अचानक सीने में दर्द उठने से उसकी मौत हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गयी है। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मनोज कुमार शर्मा

एआरएम, सिविल लाइंस डिपो