- डिप्टी डायरेक्टर की सूचना पर पुलिस पहुंची पंडाल में

- आम लूट की सूचना से अधिकारियों में मचा हड़कंप

LUCKNOW: मैंगो फेस्टिवल के अंतिम दिन आम की लूट की सूचना से हड़कंप मच गया। प्रदर्शनी में 700 से ज्यादा वैरायटी के आमों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। प्रदर्शनी पंडाल में इस कदर भीड़ बढ़ गई कि स्टॉल में लगाए गये फलों को बचाने के लिए कर्मचारियों को समय से पहले ही प्रदर्शनी को बंद करना पड़ा। आम लूट की सूचना से पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर एडीएम टीजी और एसपी टीजी भी मौके पर पहुंच गये।

गर्मी के चलते पंडाल में बढ़ी भीड़

फेस्टिवल में आम की करीब सात सौ प्रजातियों को प्रदर्शनी में लगाया गया था। जिसे देखने और खरीदने के लिए हजारों लोग रविवार को प्रदर्शनी में पहुंचे थे। आम की प्रदर्शनी जिस पंडाल में लगाई गई थी वह एयर कंडीशंड पंडाल था। भीषण गर्मी से बचने के लिए लोगों की भीड़ उस पंडाल में पहुंच गई। जिसके चलते पंडाल में काफी भीड़ बढ़ गई और स्टॉल अस्त-व्यस्त होने लगा।

कर्मचारियों ने समेटा काउंटर

कर्मचारियों का कहना है कि इसी दौरान कुछ लड़के और महिलाओं ने स्टॉल में लगे आम को उठाना शुरू कर दिया। जिसका उन कर्मचारियों ने विरोध भी किया, लेकिन भीड़ जरूरत से ज्यादा होने के चलते स्थिति को कंट्रोल नहीं कर सके। कर्मचारियों ने डिप्टी डायरेक्टर को इसकी सूचना दी। डिप्टी डायरेक्टर ने पुलिस को स्थिति कंट्रोल करने की जानकारी दी। जानकारी पाकर एडीएम ट्रांस गोमती अशोक कुमार, एसपी टीजी विजय ढुल और सीओ गोमती नगर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये और स्थिति को कंट्रोल किया।

महोत्सव में किसी तरह की आमों की लूट नहीं हुई है। महोत्सव के हॉल में मैंगो इटिंग कॉम्पटीशन चल रहा था। हॉल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे। ऐसे में लोगों में कंफ्यूजन की वजह से आमों के लूट की अफवाह फैल गई।

- राजशेखर, डीएम लखनऊ