नई दिल्ली (एएनआई)। Russia Ukraine Crisis : भारत यूक्रेन में तेजी से बदलती स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है। सूत्रों ने गुरुवार को कहा कि रूस द्वारा डोनबास क्षेत्र में सैन्य अभियान शुरू करने के बाद यूक्रेन की सीमा के पास स्थिति लगातार हालात बदल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक भारतीयों, विशेषकर छात्रों की सुरक्षा पर ध्यान है। विदेश मंत्रालय (एमईए) के नियंत्रण कक्ष का विस्तार किया जा रहा है और इसे 24x7 आधार पर चालू किया जा रहा है। ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा और यूरोपीय संघ सहित कई देशों के नेताओं ने डोनबास क्षेत्र में रूस के सैन्य अभियानों की निंदा की है।

पुतिन बोले रूसी कार्रवाई में हस्तक्षेप करने के प्रयास के परिणाम होंगे

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि डोनबास क्षेत्र में लोगों की रक्षा के लिए विशेष सैन्य अभियान शुरू किया जा रहा है। उन्होंने अन्य देशों को भी चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में हस्तक्षेप करने के किसी भी प्रयास के परिणाम होंगे। इस बीच, यूक्रेन ने मार्शल लॉ पेश किया है, जिसमें रूस के सैन्य अभियानों के बीच नागरिकों से शांत रहने का आग्रह किया गया है। एक संक्षिप्त वीडियो संबोधन में, यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन के साथ बात की और वाशिंगटन ने पहले ही अंतर्राष्ट्रीय समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है।

भारतीय दूतावास बोला कृपया शांत रहें और आप जहां भी हों सुरक्षित रहें

इसके अलावा, यूक्रेन ने विमानन सुरक्षा के उच्च जोखिम के कारण नागरिक विमानों के लिए हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने कहा कि यूक्रेन में मौजूदा स्थिति बेहद अनिश्चित है। कृपया शांत रहें और आप जहां भी हों, सुरक्षित रहें। रूस और यूक्रेन के बीच जारी तनाव पर चिंता व्यक्त करते हुए भारत ने कहा कि स्थिति एक बड़े संकट में तब्दील होने का खतरा है जो क्षेत्र की शांति और सुरक्षा को कमजोर कर सकता है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने तनाव को कम करने के लिए भारत के आह्वान को दोहराया।

National News inextlive from India News Desk