नई दिल्ली (पीटीआई)। यूक्रेन और रूस के बीच चल रहा युद्ध प्रतिदिन बड़ा रूप लेता जा रहा है। इसी बीच भारतीय वायुसेना (आईएएफ) ने रूस की राजधानी मॉस्को से युद्ध प्रभावित पूर्वी यूक्रेन के सूमी और खार्किव शहरों में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए दो आईएल-76 विमानों को तैयार रखा है। शुक्रवार को अधिकारियों ने कहा कि पूर्वी यूक्रेनियन शहरों में फंसे भारतीय यूक्रेन की पश्चिमी सीमा पर नहीं जा सकते हैं। भारतीय वायुसेना रूसी सैन्य बलों की मदद से उन्हें मास्को से निकालने की योजना बना रही है।

1,428 भारतीयों को सुरक्षित निकाला
अधिकारियों ने बताया कि दो रूसी मूल के IL-76 को स्टैंडबाय पर रखा गया है ताकि वे तुरंत मास्को के लिए उड़ान भर सकें और भारतीयों को निकाल सकें। अब तक भारतीय वायुसेना ने यूक्रेन के पश्चिमी पड़ोसी देशों से सात उड़ानों में कुल 1,428 भारतीयों को निकाला है। इन सात उड़ानों का संचालन यूएस मूल के सी-17 विमानों के जरिए किया गया था। भारत ने गुरुवार को कहा कि वह मुख्य रूप से पूर्वी यूक्रेन के खार्किव शहर और अन्य क्षेत्रों से अपने नागरिकों को निकालने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

1,000 भारतीय खार्किव से पहुंचे पिसोचिन
एक मीडिया ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि बुधवार को यूक्रेन में भारतीय दूतावास द्वारा जारी तत्काल सलाह के बाद लगभग 1,000 भारतीय खार्किव से पिसोचिन पहुंचे। हमारा अनुमान है कि हमारी सलाह के बावजूद खार्किव में अभी भी कई भारतीय फंसे हैं।"

International News inextlive from World News Desk