नई दिल्ली (एएनआई)। रूस और यूक्रेन के बीच लड़ाई बढ़ती जा रही है। भारत में यूक्रेनी राजदूत डॉ इगोर पोलिखा ने सोमवार को कहा कि रूसी सैन्य अभियान के कारण देश के कई नागरिक हताहत हुए हैं। नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए, पोलिखा ने कहा, "हमारे बहुत से नागरिक हताहत हो रहे हैं। हमारे मंत्रालय की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, रूसी सेना की तरफ से जारी बम विस्फोटों और गोलाबारी में अब तक 16 बच्चे मारे जा चुके हैं।'

5,300 रूसी सैनिकों को मार गिराने का दावा
जारी संघर्ष पर जानकारी देते हुए पोलीखा ने कहा कि रविवार को यूरोप के हवाई क्षेत्र को रूसी विमानों के लिए बंद कर दिया गया था। उन्होंने दावा किया, "रूसी अर्थव्यवस्था हर दिन चौपट हो रही है। इस लड़ाई में रूस को भी काफी नुकसान हो रहा है। लगभग 5,300 रूसी सैनिकों ने अपनी जान गंवाई है।" पोलिखा ने यूक्रेन के सभी विदेशी भागीदारों से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर "युद्ध रोकने" के लिए दबाव बनाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा, "आज हमारा प्रतिनिधिमंडल शांति वार्ता के पहले दौर में गया था। शांति वार्ता के दौरान भी लगातार गोलाबारी, बमबारी हुई।"

यूक्रेन से पलायन कर रहे लोग
यह प्रेस कॉन्फ्रेंस यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की द्वारा अपने देश की स्थिति पर शनिवार को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने और रूस के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में अपने राजनीतिक समर्थन के लिए भारत से आग्रह करने के दो दिन बाद आई। आज प्रेस वार्ता के दौरान पोलिखा ने कहा कि उनके देश में जारी संघर्ष के कारण यूक्रेन के शरणार्थियों की संख्या 4 लाख से अधिक हो गई है।उन्होंने कहा, "अगर युद्ध नहीं रोका गया, तो यह संख्या 70 लाख तक पहुंच सकती है। सीमा पर बहुत लंबी कतारें हैं। लाखों यूक्रेनियन कतार में खड़े हैं, सीमा पार करने की कोशिश कर रहे हैं।"

International News inextlive from World News Desk