HARIDWAR: पाकिस्तान से तीर्थ यात्रा पर आए हिंदू श्रद्धालुओं ने मंगलवार को सद्भावना यात्रा निकाली। शदाणी दरबार से शांतिकुंज तक निकाली गई इस सद्भावना यात्रा में 51 महिला श्रद्धालु कलश लेकर चल रही थीं। शदाणी दरबार में चल रहे तीन दिवसीय कार्यक्रम में मंगलवार को पाक से आए श्रद्धालुओं ने सप्त सरोवर स्थित संत शदाणी घाट पर योग और गंगा स्नान किया। इस दौरान संत डॉ। युधिष्ठिर लाल ने कहा कि मोक्षदायनी गंगा केवल स्नान के लिए नहीं है। वह पूजनीय है। इसके बाद यहां से शांतिकुंज के लिए शिव सद्भावना यात्रा निकाली गई। इसमें पाक से आई 51 महिलाएं कलश लेकर चल रही थीं। शदाणी दरबार के सेवादार अमरलाल शदाणी ने बताया कि जत्था बुधवार को कनखल स्थित मंदिरों के दर्शन कर अमृतसर के लिए रवाना होगा।