JAMSHEDPUR: हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बावजूद ईचागढ़ के भाजपा विधायक साधुचरण महतो अब भी पुलिस कस्टडी हैं। गुरुवार को जमानत मिलने के बाद अदालत में बेल बांड नहीं भर पाने के कारण उन्हें रिहा नहीं किया गया है। उच्च न्यायालय, रांची से जमानत दिए जाने के बाद बेल आर्डर निर्गत नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि सोमवार को हाई कोर्ट से बेल आर्डर निर्गत होने की संभावना है। बेल आर्डर सरायकेला-खरसवां के जिला न्यायालय पहुंचेगा, जहां विधायक की ओर से बेल बांड भरा जाएगा। बेल बांड भरे जाने के बाद न्यायालय से रिलीज आर्डर जारी होगा। इसके बाद उन्हें रिहा किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि भाजपा विधायक को मंगलवार तक पुलिस की कस्टडी में टीएमएच में अपना इलाज जारी रखना होगा।

ईचागढ़ के भाजपा विधायक साधुचरण महतो पर सरायकेला-खरसावां जिला के नीमडीह थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर में 22 फरवरी को जिला भूअर्जन पदाधिकारी दीपू कुमार के साथ मारपीट करने का आरोप है। एनएच-32 के चौड़ीकरण कार्य में अधिगृहित जमीन के मुआवजा वितरण के दौरान उक्त मारपीट की घटना घटी थी। मारपीट की घटना पर दीपु कुमार द्वारा नीमडीह थाना में मामला दर्ज कराए जाने के बाद विधायक साधुचरण महतो भूमिगत हो गए थे। इसी बीच जिला पुलिस ने श्रीडुंगरी स्थित उनके आवास में कुर्की-जब्ती का इस्तहार भी लगाया था। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण 13 मार्च की आधी रात को विधायक लूज मोशन और पेट में दर्द रहने की शिकायत पर टाटा मुख्य अस्पताल में दाखिल हुए थे। जहां कुछ देर बाद ही पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से उनका इलाज अस्पताल में ही चल रहा था। अब जमानत मिलने के बाद भी वे अस्पताल में पुलिस कस्टडी में अपना इलाज करा रहे हैं।