-नया अखाड़ा बनाने के बाद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट के साथ खास बातचीत

dhruva.shankar@inext.co.in

PRAYAGRAJ: मैंने देश विरोधियों के षड्यंत्र को बहुत करीब से देखा है। कई वषरें तक उस षड्यंत्र का शिकार हुई। आजादी के बाद देश के पहले प्रधानमंत्री के दौर से ही कश्मीर की समस्या बढ़ती चली गई। कांग्रेसी सरकारों ने कई समझौते किए जिसकी वजह से कश्मीर में आतंकवाद की समस्या नासूर बन गई है। इसमें देश के गद्दारों की मुख्य भूमिका रही है। आज पुलवामा में हमारे जांबाजों की जो शहादत हुई है वह उसी गद्दारी का नतीजा है। यह बातें साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से भारत भक्ति अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर बनी स्वामी पूर्ण चेतनानंद गिरि ने दिव्य प्रेम सेवा मिशन के शिविर में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियां कश्मीर मसले को लेकर कभी भी देशहित में नहीं रही हैं।

शहीदों के लिए समर्पित है अखाड़ा

स्वामी पूर्ण चेतनानंद गिरि ने कहा कि सदियों से देश का आधार त्याग और बलिदान का है। पुलवामा में हुआ बलिदान देश का आधार है। हमारा अखाड़ा देश के शहीदों के लिए समर्पित रहेगा। कानून के जरिए अखाड़ा देश के दुश्मनों को सजा दिलाने का काम करता रहेगा। क्योंकि गद्दारों की वजह से ही मुझे जेल की सलाखों के पीछे डाला गया था। अब ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर हमारा अखाड़ा पनपने नहीं देगा।