भाजपा बूथ लेवल पर तैनात करने जा रही कार्यकर्ता और अध्यक्ष की नियुक्ति

एक सप्ताह में होगा बूथ कमेटी का गठन, घर-घर जाकर बताएंगे मोदी सरकार की उपलब्धियां

ALLAHABAD: भाजपा विधानसभा चुनाव का बिगुल बूथ लेवल पर फूंकेगी। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं और अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी जो घर-घर जाकर लोगों को मोदी सरकार की दो साल की उपलब्धियों से अवगत कराएंगे। इस अभियान की शुरुआत पूरे प्रदेश में एक साथ हो रही है। इलाहाबाद में अगले एक सप्ताह में बूथ अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया हो जाएगी। ग्राउंड लेवल पर वोट की इस राजनीति ने बाकी सियासी दलों के माथे पर शिकन लाने का काम किया है।

पुरनियों को मिलेगी कमान

विधानसभा चुनाव की तैयारियां भाजपा ने अभी से शुरू कर दी है। सबसे पहले पार्टी ग्राउंड लेवल पर वोट की जंग लड़ना चाहती है, ताकि चुनाव के ऐन मौके पर उसका काम आसान हो जाए। यही कारण है कि प्रदेश के समस्त 1.40 लाख बूथों पर अध्यक्ष और कार्यकर्ता नियुक्त करने जा रही है। बताया जा रहा है पार्टी ने अभी से प्रत्येक बूथ पर अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए कर्मठ कार्यकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है। इनका काम घर-घर जाकर मतदाताओं को मोदी सरकार की दो साल उपलब्धियों के बारे में बताना होगा। एक सप्ताह के अंदर पार्टी की महानगर की इकाई बैठकें आयोजित कर बूथ कमेटी का गठन करेंगे। कमेटी की जिम्मेदारी होगी कि किस-किस कार्यकर्ता की नियुक्ति कर उन्हें क्या काम सौंपे जाने हैं।

1100 से अधिक बूथ

पिछले विधानसभा चुनाव तक 1067 बूथ थे लेकिन इस बार बूथों की संख्या बढ़ जाने की वजह से यह 1100 से अधिक हो गए हैं। ऐसे में ग्राउंड लेवल पर पार्टी को अधिक से अधिक जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है, जिनकी तलाश शुरू हो गई है। पार्टी महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता बताते हैं कि पिछले चुनाव तक भी बूथ लेवल पर पार्टी का प्रचार-प्रसार किया जाता था लेकिन योजनागत तरीके से इस बार जल्दी काम शुरू हो गया है। बनाई जाने वाली बूथ कमेटियों पर सबसे अधिक जिम्मेदारियां होंगी। उन्हें समय-समय प्रोग्रेस रिपोर्ट भी देनी होगी। अगर बूथ लेवल पर बेहतर काम हुआ तो पार्टी अपने मिशन 2017 में निश्चित तौर पर सफलता हासिल करेगी।

सबकी है नजर, मिलेगा इनाम

हाल ही में हुई भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इस अभियान पर भी चर्चा हुई थी। यूपी चुनाव के महत्व को देखते हुए पार्टी कोई भी कोर कसर तैयारियों में नहीं छोड़ना चाहती है। यही कारण है कि शुरुआत बूथ लेवल से हो रही है। बैठक में साफ तौर पर कहा गया है कि निचले स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया जाए। अच्छा काम करने वालों को भविष्य में पार्टी की ओर से बेहतर सौगात भी मिल सकती है। भाजपा की मुहिम ने दूसरे दलों कांग्रेस, सपा और बसपा के खेमे में हलचल मचा दी है। उनकी नजरें इस महत्वाकांक्षी अभियान पर टिका है। दूसरी पार्टियों ने भी अपने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के आदेश दिए हैं।