मुंबई (एएनआई / आईएएनएस / पीटीआई )। मुबंई में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। मुंबई के साकी नाका इलाके में एक 30 युवती के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। पीड़िता को गंभीर हालत में उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के दाैरान आज शनिवार को उसकी माैत हो गई है। आरोपी ने दुष्कर्म के दाैरान उसकी पिटाई के साथ ही उसके प्राइवेट पार्ट में रॉड डाल तक दी थी जिससे उसे गंभीर चोटें आईं थी। पुलिस को गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात साढ़े तीन बजे पीसीआर कॉल आई कि साकीनाका के खैरानी रोड पर एक महिला बेहोश पड़ी है और खून से लथपथ है। साकीनाका पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को मुंबई के राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा था।

पीड़िता के होश में आने का इंतजार
पुलिस टीमें पीड़िता के होश में आने का इंतजार कर रही थीं ताकि उसका बयान दर्ज किया जा सके। वहीं आसपास के सीसीटीवी फुटेज की छानबीन के साथ ही क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स मुताबिक पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज मिली हैं जिसमें आरोपी का वहशीपन दिख रहा है। वहीं साकी नाका पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बलवंत देशमुख ने कहा कि युवती से दुष्कर्म के आरोप में स्थानीय निवासी मोहन चव्हाण (45) गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी से पूछताछ की जा रही है
आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 376, 323 और 504 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। इस संबंध में महाराष्ट्र विधान परिषद की उपाध्यक्ष नीलम गोरहे, शिवसेना प्रवक्ता मनीषा कायंडे, कई महिला कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने कड़ी निंदा की। इतना ही नहीं कई लोगों ने शक्ति अधिनियम को तत्काल पारित करने की मांग की, जिसमें दुष्कर्म के लिए मौत की सजा का प्रस्ताव है।

National News inextlive from India News Desk