मेजा विधानसभा सीट पर जिला पंचायत अध्यक्ष के पति पड़े भारी

विधायक सत्यवीर और बिजमा यादव को भी सपा सुप्रीमो का आशीर्वाद

पूर्व सांसद अतीक अहमद का टिकट कटने की अटकलों पर लगा विराम

ALLAHABAD: समाजवादी पार्टी में चाचा-भतीजे के बीच चल रहे दंगल के बीच आखिरकार बुधवार को सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने अपने 325 धुरंधरों को चुनाव मैदान में उतार दिया। इनकी लिस्ट को लेकर जहां पूरे प्रदेश में खलबली मची हुई है। वहीं इलाहाबाद में भी कई दावेदारों को झटका लगा है। मेजा के सिटिंग विधायक गिरीश पांडेय उर्फ गामा पांडेय का पत्ता साफ कर जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह के पति पूर्व ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह को मैदान में उतारा है। वहीं जिन दूसरे सिटिंग विधायकों के नामों पर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, उनका नाम भी अब क्लीयर हो गया है। एक बार फिर फाफामऊ से अंसार अहमद और शह दक्षिणी से विधायक परवेज अहमद टंकी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमाएंगे। वहीं शियाट्स बवाल के बाद विवादों में घिरे पूर्व सांसद अतीक अहमद का टिकट कटने की अटकलों से भी विराम लग गया। उन्हें सपा मुखिया ने कानपुर से प्रत्याशी घोषित किया।

इलाहाबाद के छह प्रत्याशी

बुधवार को सपा सुप्रीमो ने जिन 325 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की, लिस्ट जारी की उनमें इलाहाबाद की छह विधानसभा सीटें शामिल हैं। लिस्ट के अनुसार मेजा विधानसभा सीट से अशोक कुमार सिंह पूर्व ब्लाक प्रमुख मांडा, शहर दक्षिणी से विधायक परवेज अहमद टंकी, फाफामऊ से विधायक अंसार अहमद, सोरांव से विधायक सत्यवीर मुन्ना, प्रतापपुर से विधायक बिजमा यादव व बारा से अजय भारतीय को चुनाव मैदान में उतारा है।

अजय कुमार की जगह अजय भारतीय

बारा विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर 2012 में चुनाव लड़ कर विधायक बनने और फिर 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का दामन थामने वाले विधायक अजय कुमार की जगह अजय भारती को अपना प्रत्याशी चुना है।

विधानसभा चुनाव 2012 में दिग्गजों को मात देकर चुनाव जीतने वाले शहर दक्षिणी विधानसभा के विधायक परवेज अहमद टंकी और फाफामऊ से विधायक अंसार अहमद के नामों पर इस बार असमंजस की स्थिति बनी थी। दोनों के नामों पर चुनौती मिल रही थी। लेकिन सपा सुप्रीमो की लिस्ट दोनों विधायकों के लिए खुशी की खबर लेकर आई।

हंडिया और फूलपुर बाकी

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष कृष्ण मूर्ति सिंह यादव ने सपा सुप्रीमो के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी के प्रत्याशी अन्य दलों पर भारी पड़ेंगे। इस बार भी जीत सपा की ही होगी। छह प्रत्याशियों की घोषणा होने और चार प्रत्याशियों का नाम पहले से क्लीयर होने के बाद अब केवल फूलपुर और हंडिया विधानसभा सीट के लिए ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होनी है।

इन प्रत्याशियों को मिला टिकट

1. मेजा विधानसभा- अशोक कुमार सिंह पूर्व ब्लाक प्रमुख मांडा

2. शहर दक्षिणी- सिटिंग विधायक परवेज अहमद टंकी

3. फाफामऊ- सिटिंग विधायक अंसार अहमद

4. सोरांव सुरक्षित- सिटिंग विधायक सत्यवीर मुन्ना

5. प्रतापपुर- सिटिंग विधायक बिजमा यादव

6. बारा सुरक्षित- अजय भारतीय

पहले से डिक्लेयर है सीट

1. करछना- उज्जवल रमण सिंह

2. कोरांव- रामदेव निडर कोल

3. शहर पश्चिमी- ज्योति यादव

4. शहर उत्तरी- लल्लन राय